राजस्थान में जहर खाकर पुलिस थाने पहुंची विवाहिता की मौत

झूंझुनू महिला पुलिस थाना परिसर में एक विवाहिता के जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। विवाहिता बाहर से ही जहर खाकर महिला थाने पहुंची थी। मृतका के पास से दो पेज का एक सुसाईड नोट भी मिला है। इसमें उसने पति, सास-ससुर समेत आठ लोगों को मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
जानकारी के मुताबिक, झूंझुनू जिले के कुहाड़वास गांव निवासी महिला मीना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जहर खाकर महिला पुलिस थाने पहुंची और परिसर में गिर गई। महिला पुलिस कर्मियों के सहयोग से गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जांच में सामने आया कि विवहिता ने जहरीली गोलियां खायी हुई हैं। अस्पताल में इलाज के दौरान विवाहिता ने दम तोड़ दिया।
महिला थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर मृतका के पास से एक सुसाईड नोट बरामद हुआ है। इसमें आठ लोगों को मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है। मृतका के पिता सहीराम ने बताया कि मीना की सात दिसंबर 2015 में रामकिशन के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से रामकिशन मीना को दहेज के लिए प्रताडि़त करता था।





