राजस्थान में अजमेर जिले के ब्यावर में संपन्न हुए एक विवाह समारोह में, मैरिज गार्डन में लगे पीएम के होर्डिंग्स व बैनर

राजस्थान में अजमेर जिले के ब्यावर में संपन्न हुए एक विवाह समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति वर एवं वधु पक्ष की दीवानगी देखने को मिली। यहां मैरिज गार्डन में चारों तरफ पीएम नरेंद्र मोदी के होर्डिंग्स एवं पोस्टर लगाए गए थे। शामियाने के बिल्कुल मध्य में एक एलईडी लगाई गई थी,जिसमें मोदी के भाषण निरंतर दिखाई दे रहे थे।
मैरिज गार्डन के मुख्य द्वार के चारों तरफ मोदी सरकार की उज्जवला योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वच्छ भारत अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में एक पर्दे पर उल्लेख था। यहां भोजन के स्थान पर लगे एक पर्दे पर मोदी की विभिन्न देश-विदेश के राजनेताओं के साथ फोटो लगी हुई थी।
पुलवामा अटैक और सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख था। एक पर्दा विंग कमांडर अभिंदन की फोटो वाला लगा हुआ था। विवाह में कुछ बारातियों के कपड़ों पर भी मोदी की तस्वीर छपी हुई थी। बारात में फिल्मी गानों के साथ-साथ बाराती मोदी-मोदी की धुन पर डांस कर रहे रहे थे। यह विवाह समारोह ब्यावर के नोंदरी गांव निवासी शंकर रावत की पुत्री का था।





