राजधानी की आबोहवा प्रदूषित तो है, लेकिन कम है हानिकारक तत्वों की मात्रा

नई दिल्ली. पिछले कुछ वर्षों में राजधानी की आबोहवा प्रदूषित तो हुई है, लेकिन प्रदूषित हवा में पाए जाने वाले तत्व अपेक्षाकृत ज्यादा जहरीले नहीं है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर इंडिया) के ताजा सर्वे में यह खुलासा हुआ है कि दिल्ली में अति सूक्ष्म कणों की मात्रा में वृद्धि तो हुई है, लेकिन इन कणों में हानिकारक तत्वों की मात्रा कम है। अर्थात अत्यधिक चिंता की बात नहीं है।

सफर इंडिया के ताजा सर्वे में खुलासा हुआ है कि दिल्ली की आबोहवा में अति सूक्ष्म कणों पीएम 2.5 और पीएम 10 की मात्रा में तो वृद्धि हुई है, लेकिन इन कणों में हानिकारक तत्वों की मात्रा अत्यधिक नहीं है। आंकड़ों के मुताबिक हवा में 7.6 परसेंट ब्लैक कार्बन, 7 परसेंट सल्फेट है। यदि इनकी मात्रा ज्यादा हो तो हवा बहुत ज्यादा जहरीली हो जाती है, जो कि स्वास्थ्य के लिए काफी घातक होता है। दिल्ली की हवा में सर्वाधिक 38 फीसदी एल्यूमिनियम और सीलिकॉन ऑक्साइड है, जो कि पृथ्वी की ऊपरी परत में पाया जाता है। ये तत्व ब्लैक कार्बन और सल्फेट की तरह ज्यादा हानिकारक नहीं हैं।
सफर इंडिया के प्रोजेक्ट डाइरेक्टर गुरफान बेग कहते हैं कि यदि सूक्ष्म कणों में ब्लैक कार्बन और सल्फेट की मात्रा 15 से 20 फीसदी तक हो तो उत्तेजना बढ़ जाती है। हालांकि मुंबई में अति सूक्ष्म कणों का स्तर कम है, लेकिन इन कणों में ब्लैक कार्बन की मात्रा अपेक्षाकृत ज्यादा है।
बेग कहते हैं कि इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है। भले ही हानिकारक तत्वों की मात्रा कम है, लेकिन अति सूक्ष्म कणों की मात्रा दिल्ली की हवा में ज्यादा है। कभी-कभी अति सूक्ष्म कणों की मात्रा बहुत ज्यादा हो जाती है, उस दौरान इन तत्वों की कम उपलब्धता का कोई लाभ नहीं मिलता है। फसलों का अवशेष जलाने के दौरान ब्लैक कार्बन की मात्रा भी बढ़ जाती है। इसके अलावा खुले में कूड़ा जलाने, पटाखा छोड़ने से भी इसकी मात्रा बढ़ जाती है।
बता दें कि अति सूक्ष्म कण पीएम 2.5 और पीएम 10 की मात्रा में वृद्धि होने पर हमारे श्वसन तंत्र को नुकसान होता है, इन कणों में पाए जाने वाले हानिकारक तत्व फेफड़े के अंदरूनी हिस्सों में पहुंच जाते हैं। इसके अलावा हमारे रक्त में भी पहुंच जाते हैं, जिसकी वजह से हमें ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन की समस्या होती है।
हवा में पाए जाने वाले सूक्ष्म कणों में तत्वों की मात्रा
सल्फेट 7 परसेंट, ब्लैक कार्बन 7.6 परसेंट, आर्गेनिक कार्बन 28.9 परसेंट, नाइट्रेट 12 परसेंट, नमक 1 परसेंट, अमोनिया 4.6 परसेंट और एल्यूमिनियम 38.4 परसेंट।





