रविवार को मदहे सहाबा का जुलूस निकलेगा लखनऊ में यातायात परिवर्तन: यूपी

राजधानी में हजरत मुहम्मद साहब की यौम-ए-पैदाईश पर रविवार को मदहे सहाबा का जुलूस निकलेगा। जुलूस में शहर की करीब 300 अंजुमन अपने-अपने बैनर व झंडों के साथ नात और मनकबत पढ़ती आगे बढ़ेगी, तो जायरीन नबी-ए-करीम की शान में ‘या नबी सलाम अलैका, या रसूल सलाम अलैका’ पढ़ते जुलूस के संग हो चलेंगे।

सुबह नौ बजे अमीनाबाद झंडेवाला पार्क में परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। वहीं, प्रशासन ने जुलूस के चलते सुबह सात बजे से जुलूस समाप्ति तक राजधानी के यातायात में परिवर्तन किया है।

मजलिस तहफ्फजे नामूसे सहाबा के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल अलीम फारुखी परचम की रस्म अदा कराएंगे, तो गुल्लू शाह तकिया की अंजुमन उमर फारुख तराना-ए-परचम पेश करेंंगे। जिसके बाद मदहे सहाबा जुलूस के निकलने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। जुलूस में सबसे आगे अंजुमन जैश-ए-ओसामा रहेगी, जिसके पीछे यहियागंज की अंजुमन अंजुमन पासदार-ए-इस्लाम होगी।

इसके बाद शहर की अंजुमन अपने-अपने बैनर व झंडों के साथ सलाम पढ़ते आगे बढ़ेगी। अमीनाबाद झंडेवाला पार्क में अंजुमन के पहुंचने का सिलसिला सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा। रास्ते में जगह-जगह जुलूस का स्वागत होगा।

Back to top button