यूपी के कई शहरों में लगातार बारिश से बढ़ी ठंड, विभाग ने दी ये बड़ी चेतावनी

यूपी के कानपुर समेत आसपास के कई शहरों में बुधवार रात से ही तेज बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश से गलन और बढ़ गयी है। विभाग की मानें तो आभी कुछ दिनों तक मौसम का यही हाल रहेगा।

कानपुर के अलावा इटावा, औरैया, कन्नौज, हरदोई, बांदा, फतेहपुर, फर्रूखाबाद, हमीरपुर, जालौन, चित्रकूट, उन्नाव, महोबा आदि जिलों बुधवार रात से ही तेज बारिश हो रही है। गुरुवार को कई शहरों में सुबह से ही बारिश हो रही है तो कहीं आसमान में बदली छाई हुई है।

रात तीन बजे के बाद तेज रफ्तार में कानपुर पहुंची पुरवा ने माहौल बदल दिया। बादलों के घने हो जाने से गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कानपुर के अलग-अलग क्षेत्रों में पानी बरसा। कहीं बूंदाबांदी हुई तो कहीं बारिश ने छतों और सड़कों को धो दिया।

माहौल में गलन बढ़ गई। लोगों की कंपकंपी छूटने लगी। बारिश होने से कोहरे की चादर बह गई। मौसम विभाग ने 14-15 फरवरी को बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने 0.5 मिमी बारिश रिकार्ड की है।

मंगलवार देर रात से न्यूनतम तापमान बढ़ा। रात ढाई बजे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की मौसम वेधशाला में न्यूनतम तापमान मंगलवार की तुलना में बुधवार को दो डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया।

इसके कुछ देर के बाद ही हवा ने रुख बदला। उत्तरी हवा के स्थान पर तेज गति से पुरवा बह चली और आसमान में घने बादल छा गए। भोर होने वाली थी कि आसमान में बिजली कड़की और बारिश आ गई। बदली छाए रहने से ठंडक में इजाफा हुआ।

सीएसए के मौसम विभाग के सीनियर रिसर्च फैलो डॉ. विजय दुबे ने बताया कि स्थानीय विक्षोभ होने से बारिश हुई है। शहर के कई स्थान सूखे रहे तो कई जगह पर बारिश तेज हुई।

सुबह के बाद दोपहर को हुई बारिश ने लोगों को भिगो दिया। मौसम विभाग ने बसंत पंचमी के बाद भी बारिश का अनुमान जारी किया है। इसके अलावा स्थानीय विक्षोभ से बीच में भी बारिश हो सकती है।

तापमान
अधिकतम तापमान- 23.8 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 11.2 डिग्री सेल्सियस

Back to top button