यूक्रेन में बंदूकधारी ने 6 लोगों की गोली मारकर की हत्या, सुपरमार्केट में पब्लिक को बनाया बंधक

यूक्रेन की राजधानी कीव में शनिवार को स्वचालित हथियार से लैस एक बंदूकधारी ने छह लोगों की हत्या कर दी और एक सुपरमार्केट में लोगों को बंधक बना लिया। गिरफ्तारी का विरोध करते समय हमलावर मारा गया।

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा, जिसे एसबीयू भी कहा जाता है, ने इन हत्याओं को आतंकवाद का कृत्य बताया है। बंदूकधारी से मध्यस्थ के माध्यम से संपर्क करने के प्रयास विफल होने के बाद पुलिस ने सुपरमार्केट पर धावा बोला जहां हमलावर ने लोगों को बंधक बना लिया था।

गृह मंत्री इगोर क्लिमेंको ने बताया कि बंदूकधारी ने सुपरमार्केट में प्रवेश करने और पांचवें व्यक्ति की हत्या करने से पहले सड़क पर चार राहगीरों की हत्या कर दी थी। मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि एक छठी पीड़ित युवती की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई।

राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि चार बंधकों को बचा लिया गया है और 14 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने 58 वर्षीय हमलावर का नाम नहीं बताया, लेकिन जेलेंस्की ने कहा कि उसका जन्म रूस में हुआ था और वह यूक्रेन के पूर्वी शहर डोनेट्स्क में लंबे समय से रह रहा था। उसका पहले से आपराधिक रिकार्ड था। हिंसा के मकसद का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हमलावर ने हथियार लेकर सड़कों पर निकलने से पहले एक अपार्टमेंट में आग लगा दी थी। रूस द्वारा 2022 में यूक्रेन पर किए गए व्यापक आक्रमण के बाद युद्धग्रस्त कीव में इस तरह की सामूहिक गोलीबारी की घटना पहले कभी नहीं हुई थी।

पिछले दिसंबर में, हमलावर ने लाइसें¨सग अधिकारियों से संपर्क किया ताकि परमिट की अवधि समाप्त होने से पहले हथियार का परीक्षण कराया जा सके। उसने मेडिकल सर्टिफिकेट भी पेश किया था।

Back to top button