यूक्रेन के एकतरफा युद्धविराम के बाद भी लड़ाई जारी

यूक्रेन ने रूस पर युद्धविराम का सम्मान न करने का आरोप लगाया है। कहा है कि उसने मंगलवार-बुधवार मध्य रात्रि से युद्धविराम का एलान किया था लेकिन रूस ने दर्जनों ड्रोन हमले कर उसका उल्लंघन किया। जबकि रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने युद्धविराम का एलान करने के बाद उसे तोड़ा।

यूक्रेन के छोड़े 53 ड्रोन रूसी क्षेत्र में मार गिराए गए। यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले क्रीमिया और काला सागर क्षेत्र में ड्रोन हमले किए थे। यूक्रेन के ड्रोन हमले में क्रीमिया के झानकोई शहर में पांच लोग मारे गए हैं। यूक्रेन के एकतरफा युद्धविराम के एलान पर अभी रूस ने वैसी ही कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

इससे फरवरी 2022 से जारी युद्ध के खत्म होने की संभावना धूमिल पड़ती दिखाई दे रही है। मंगलवार को रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों में यूक्रेन में 27 लोग मारे गए थे और 120 घायल हुए थे।

बुधवार को रूस ने ड्रोन हमले में सूमी शहर के बच्चों के एक स्कूल को निशाना बनाया। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी मारा गया और दो अन्य घायल हुए। हमले के समय स्कूल में कोई बच्चा नहीं था।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी सेना यूक्रेनी शहरों पर लगातार हमले कर रही है और युद्ध के मोर्चों पर गोलाबारी कर रही है। इससे साबित होता है कि रूस युद्ध रोकने और निर्दोषों के जीवन को बचाने का इच्छुक नहीं है। जेलेंस्की ने मास्को से अनुरोध किया है कि वह यूक्रेन पर हमले बंद करे। रूस बातचीत के जरिये शांति की ओर चले।

विदित हो कि यूक्रेन के कड़े प्रतिरोध के बावजूद रूसी सेना यूक्रेनी क्षेत्रों में धीमी गति से आगे बढ़ती जा रही है। द्वितीय विश्वयुद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की विजय की 81 वीं वर्षगांठ के अवसर पर रूस ने शुक्रवार को शनिवार को लड़ाई बंद रखने की घोषणा की थी।

जबकि यूक्रेन ने मंगलवार-बुधवार मध्य रात्रि से युद्धविराम का एलान कर दिया। लेकिन अब रूस की ओर से हमले जारी रहने पर जेलेंस्की ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Back to top button