यूक्रेन की महिला को भारतीय के हृदय दान से मिल गई नई जिंदगी

गुजरात के सूरत में एक्सीडेंट में मारे गये एक युवक के ह्रदय का प्रत्यारोपण कर यूक्रेन की 27 वर्षीय महिला को नयी जिंदगी मिली है. हृदय प्रत्यारोपण मुंबई के मुलुंड इलाके के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में हुआ. सूरत से 317 किमी दूर मुंबई के हॉस्पिटल में इस ह्रदय को करीब डेढ़ घंटे में लाया गया. यह हृदय सूरत के अस्पताल से सुबह साढ़े नौ बजे एक चार्टर्ड विमान द्वारा भेजा गया. विमान ने सूरत से सुबह 9.57 बजे टेक-ऑफ किया, जबकि यह करीब साढ़े दस बजे मुंबई पहुंच गया. जिसके बाद इसे 11:02 बजे मुलुंड के फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया.

मुलुंड के फोर्टिस हॉस्पिटल के अनुसार, हृदय यूक्रेन की एक महिला को प्रत्यारोपित किया जाना था. वह प्रसव के बाद कार्डियोमायोपैथी से पीड़ित थी. इससे पांच माह पहले महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था. अस्पताल ने अपनी विज्ञप्ति में बताया कि इस बीमारी से मरने की संभावना अधिक होती है.

हृदय दान करने वाले सूरत के रहने वाले है। एक सड़क दुर्घटना में बैंक में काम करने वाले उनके 22 साल के लड़के का मस्तिष्काघात के कारण मौत हो गयी थी, जिसके बाद उन्होंने उसका हृदय दान करने का निर्णय किया। मृतक के परिजनों को एक गैर सरकारी संगठन ने हृदय दान करने के लिये रजामंद किया। संगठन ने उन्हें हृदय के अलावा उसकी किड़नी, अग्न्याशय, कार्निया और गुर्दे दान करने के लिये भी राजी कर लिया।

Back to top button