मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के दौरान UK समेत प्रदेश के आठ जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी

मानसून समूचे उत्तराखंड पर छा चुका है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के दौरान प्रदेश के आठ जिलों के लिए भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर शासन ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

शनिवार सुबह देहरादून के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। हालांकि दोपहर बाद धूप निकल आई, लेकिन शाम होते ही आसमान पर बादल छा गए। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बारिश से ठंड का एहसास बढ़ गया है। बारिश के बावजूद सभी मार्ग सुचारु हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार और सोमवार को मौसम का मिजाज तल्ख हो सकता है। इस दौरान देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि तटवर्ती क्षेत्र में रह रहे लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

दून में बारिश के आसार

राजधानी देहरादून व आसपास के मैदानी इलाकों में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। बाद में कुछ दौर गरज के साथ बारिश भी हो सकती है। दून में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 33.0 व 23.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर बारिश के लिहाज से आने वाले दो-तीन दिन भारी साबित हो सकती है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह का भी कहना है कि इस दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। इधर, पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आमद रही। पूर्वाह्न को बारिश की बौछार भी पड़ी। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश पड़ी। गढ़वाल व कुमाऊं में कुछ मुख्य सड़कों व संपर्क मार्गो पर मलबा आने से यातायात बाधित भी रहा।

दून में करवट लेता रहा मौसम

देहरादून व आसपास के मैदानी इलाकों में भी हर अंतराल बाद मौसम के तेवर बदलने नजर आए। तड़के सुबह जमकर बारिश हुई तो दोपहर तक मौसम साफ हो गया। दिन में उमस ने लोगों को बेहाल किया। मगर, दोपहर बाद दून के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इसके बाद बीच-बीच में मौसम खुलता रहा। मसूरी में भी मौसम का मिजाज कमोबेश ऐसा ही बना रहा। दोपहर को बारिश की बौछार पड़ने से मौसम में थोड़ी ठंडक का अहसास भी हुआ। ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, विकासनगर व आसपास के मैदानी इलाकों में भी कुछ ऐसा ही मौसम रहा।

Back to top button