मोदी के गुजरात में ,मंदिर को बम से उड़ा देने की धमकी

अहमदाबाद। गुजरात के आणंद जिले में सारसा स्थित सत कैवाल मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दे गई है। मंदिर के पुजारी अविचलदासजी महाराज को दो धमकी भरे पत्र मिले हैं। जिनमें उन्हें जान से मार डालने और मंदिर को विस्फोट से उड़ा देने की धमकी दी गई है। पत्र भेजने वालों ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सदस्य होने का दावा किया है। सत कैवाल एक धार्मिक संप्रदाय है जिसके अनुयायियों की क्षेत्र में बड़ी संख्या है।
बम से उड़ाने की धमकी के साथ पुजारी को भी मारने का कहा
इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि पत्र हिंदी और गुजराती में लिखा गया है। लेखकों ने मंदिर की टोह लेने (रेकी करने) का दावा करते हुए कहा कि वह बाबरी मस्जिद और गोधरा दंगों का बदला लेने के लिए मंदिर को उड़ा देंगे और वहां के पुजारी को मार डालेंगे। बम से उड़ाने की धमकी के साथ चिट्ठी में कहा गया है कि पुलिस कुछ नहीं कर सकती और तो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आपको नहीं बचा सकते।
आप जानते हैं कि सूरत में प्रवीण तोगड़िया के रिश्तेदार का क्या हुआ था। पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह ने बताया कि पुलिस मंदिर और पुजारी को सुरक्षा मुहैया कराएगी। पत्र को लेकर मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक हितेश पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रवीण तोगड़िया के भाई की हुई थी हत्या
बीते दिनों गुजरात के सूरत में विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया के चचेरे भाई भरत तोगड़िया समेत 3 लोगों की हत्या कर दी गई थी। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। सूरत के वराचा इलाके में हमलावरों ने भरत तोगड़िया और 2 और लोगों को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया था। जिसके बाद इस नई धमकी में भी इस बात का जिक्र किया गया है।





