मोदी और जिनपिंग की वार्ता को मानने से चीन ने किया इंकार, कहा- पहले हटाओ सैनिक

जर्मनी में जी 20 देशों के शिखर सम्मेलन के दौरान हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की वार्ता पर चीन ने उलटा दांव खेला है। उसने दोनों नेताओं की अनौपचारिक बातचीत को द्विपक्षीय वार्ता मानने से इन्कार किया है। साथ ही कहा है कि पहले भारत अपनी सेना हटाए तभी कोई सार्थक बात हो सकेगी।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेंग शुआंग के मुताबिक भारत का यह कहना कि कई मुद्दों पर दोनों नेताओं में वार्ता हुई, सही नहीं है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि ब्रिक्स देशों के नेताओं की मुलाकात के दौरान चिनफिंग और मोदी के बीच जो अनौपचारिक बात हुई वह द्विपक्षीय वार्ता नहीं थी।
ये भी पढ़े: अमेरिकी सेना का विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त, 12 लोगों कि गई जान
प्रवक्ता ने कहा, डोकलाम से भारतीय सैनिकों की वापसी से ही किसी उद्देश्यपूर्ण बातचीत का रास्ता खुलेगा, उससे पहले नहीं। शनिवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मोदी और चिनफिंग के बीच चर्चा के बिंदुओं के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इन्कार कर दिया था। हैंबर्ग में दोनों नेताओं की मुलाकात और उस दौरान हंसते हुए बात करने की फोटो जरूर सामने आई थीं। जाहिर है इस बातचीत में चर्चा के बिंदु द्विपक्षीय मामले ही रहे होंगे।





