मुलायम ने की 325 उम्मीदवारों की घोषणा, पढ़े पूरी खबर

लखनऊ। समाजवादी पार्टी में पिछले कुछ महीनों में चाचा-भतीजे में घमासान जारी है। कुछ हद तक सपा मुखिया ने इस घमासान को खत्म करने की पूरी कोशिश की। शिवपाल यादव को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंप दी गई तो एक बात साफ हो गई कि भतीजे को मुंह की खानी पड़ी। इसके साथ ही कई बयान ऐसे आये जिनसे साफ हो गया कि आगामी चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर चाचा-भतीजे में तकरार जरुर होगी।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने आज आगामी चुनाव को देखते हुए 325 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मुलायम सिंह की लिस्ट से अखिलेश यादव के कई करीबियों का टिकट कट गया है। यही नहीं कई मौजूदा विधायकों और मंत्रियों का भी नाम उम्मीदवारों की लिस्ट से कट गया है। सपा परिवार में मचे कलह के बीच अमर सिंह के खिलाफ विवादित बयान देने वाले विधायक पवन पांडेय का भी मुलायम सिंह ने टिकट काट दिया है। पवन पांडेय ने कहा था कि हम अमर सिंह को उनकी औकात बताएंगे, जिसके बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित भी कर दिया गया था।
तीन मंत्रियों का टिकट काटा
अयोध्या से सपा विधायक पवन पांडेय की जगह आशीष पांडेय को टिकट दिया गया है, आशीष पांडेय जिलाध्यक्ष जयशंकर पांडेय के बेटे हैं। वहीं मौजूदा मंत्री अरविंद सिंह गोप का भी टिकट कट गया है, उनकी जगह राकेश वर्मा को टिकट दिया गया है जोकि बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे हैं। कैबिनेट मंत्री रामगोविंद चौधरी की जगह नीरज सिंह गुड्डू को बासडीह से टिकट दिया गया है। मौजूदा मंत्री नारद राय को भी टिकट दे दिया है, जिन्हें अखिलेश यादव ने मंत्रीमंडल से बर्खास्त कर दिया था, बर्खास्त मंत्री राजकिशोर को भी टिकट मिल गया है। पवन पांडेय, अरविंद सिंह गोप और रामगोविंद चौधरी को अखिलेश का करीबी माना जाता था और तीनों ही का टिकट कट गया है।
गायत्री प्रजापति, अतीक अहमद को मिली जगह
वहीं अखिलेश यादव के विरोध के बावजूद विवादित मंत्री गायत्री प्रजापति को भी मुलायम सिंह ने टिकट दिया है, प्रजापति को अमेठी से सपा ने उम्मीदवार घोषित किया है। सूत्रों की मानें तो उम्मीदवारों की जो लिस्ट अखिलेश यादव ने दी थी उसमें गायत्री प्रजापति का नाम नहीं था। सपा परिवार में कलह के बीच अखिलेश यादव के गुस्से की गाज गायत्री प्रजापति पर भी गिरी थी और उन्हें मंत्री पद से निष्कासित कर दिया गया था, हालांकि मुलायम सिंह के हस्तक्षेप के बाद उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।
यही नहीं अखिलेश यादव ने जिन उम्मीदवारों की खिलाफत की थी उनको भी टिकट दिया गया है, बाहुबली अतीक अहमद, सिगबतुल्ला अंसारी को भी सपा ने टिकट दे दिया गया है। सिगबतुल्ला अंसारी मुख्तार अंसारी के भाई हैं। सिगबतुल्ला को मोहम्मदाबाद से टिकट दिया गया है जबकि अतीक अहमद को कानपुर कैंट से टिकट दिया गया गया है।





