मुन्ना बजरंगी गिरोह के शार्प शूटर संदीप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया: यूपी

एक साल से फरार चल रहे मुन्ना बजरंगी गिरोह के शार्प शूटर संदीप यादव को गोरखपुर की कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे पैडलेगंज में अस्थाई बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। एसएसपी ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। गैंगस्टर के मुकदमे में वह वांछित चल रहा था।

एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि संदीप यादव आजमगढ़ जिले के अतरौलिया क्षेत्र के हैदरपुर गांव का रहने वाला है। खोराबार इलाके में गैंग बनाकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने पर पुलिस ने एक साल पहले उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी, तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।

इस बीच मंगलवार को पैडलेगंज में अस्थाई बस स्टेशन के पास एक संदिग्ध युवक के मौजूद होने की सूचना मिली। इसी आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसकी पहचान संदीप यादव के रूप में हुई।

Back to top button