महज ₹7 हजार के बजट में घूम आएं राजस्थान से उत्तराखंड तक!

विंटर सीजन आ चुका है और दिल्ली वालों के लिए ये घूमने का सबसे अच्छा मौसम है। ऐसे में अगर आप उनमें से हैं जिन्होंने घूमने का मन बना लिया है लेकिन समय की कमी और कम बजट आड़े आ रहा है? तो आइए आपको बताते हैं दिल्ली के आसपास की वो जगहें जहां महज 7 हजार के अंदर आप पूरी ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
पुष्कर, राजस्थान
पुष्कर अजमेर जिले की अरावली पहाड़ियों की बीच बसा एक तीर्थ शहर है, जो हर साल अपने मेले के लिए सुर्खियों में रहता है। यहां आपको अध्यात्म, इतिहास और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिलता है। पुष्कर झील, ब्रह्मा जी का इकलौता मंदिर, मान महल, वराह मंदिर और पुष्कर बाजार एक्सप्लोर करने लायक जगहें हैं। दिल्ली से आप अजमेर तक ट्रेन और वहां से लोकल बस या पर्सनल ऑटो लेकर आप 7-8 घंटे में पुष्कर पहुंच सकते हैं।
नीमराना, राजस्थान
राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले में स्थित नीमराना फोर्ट की खूबसूरती देखते ही बनती है। इसके अलावा, तिजारा फोर्ट, सिलीसेढ़ झील, लेपर्ड ट्रेल, सिटी पैलेस अलवर ऐसी कई जगहें हैं जो पर्यटकों को खूब लुभाती हैं। दिल्ली से नीमराना जाने के लिए आप रेवाड़ी तक बस या ट्रेन से पहुंचे और उसके बाद नीमराना तक की दूरी 30-40 मिनट की रह जाती है। अगर आपको लॉंग ड्राइव का शौक है, तो आप कार से भी सीधे यहां पहुंच सकते हैं।
लैंसडाउन, उत्तराखंड
उत्तराखंड का लैंसडाउन बेहद कम खर्च के साथ आपको लग्जरी फील दे सकता है। अगर आप ऋषिकेश, हरिद्वार और नैनीताल से हटके जगह तलाश हैं तो लैंसडाउन को विश लिस्ट में शामिल करें। राजधानी से 7-8 घंटे में यहां पहुंचा जा सकता है। टिप इन टॉप पॉइंट, भीम पकोड़ा, भुल्ला ताल, श्री तड़केश्वर धाम मंदिर और गढ़वाली म्यूजियम जैसी यहां एक्सप्लोर करने लायक कई जगहें हैं।
ओरछा, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में बेतवा नदी के किनारे निवाड़ी में बसा ओरछा शहर बुंदेलों की ऐतिहासिक विरासत के रूप में जाना जाता है। हिस्ट्री लवर्स के लिए दिल्ली के आसपास इससे परफेक्ट डेस्टिनेशन नहीं हो सकती। राजधानी से यह करीब 450 किलोमीटर की दूरी पर है, जिसके लिए झांसी तक ट्रेन और फिर लोकल बस लेनी होगी। यह पूरा सफर 7-8 घंटे के आसपास का रहेगा। जहांगीर महल, बेतवा नदी तट, राम राजा मंदिर, चतुर्भुज मंदिर, ओरछा का किला और वन्यजीव अभयारण्य खास अट्रैक्शन हैं।
अमृतसर, पंजाब
पंजाब की फूड कैपिटल अमृतसर आपके जायके को कई गुना तक बढ़ा सकती है, इस शहर में तंदूर का पका खाना, पिंडी छोले, अमृतसरी कुलचा और नान जैसे कई पकवान अपनी खास पहचान रखते हैं। इनके अलावा, घूमने की बात करें तो स्वर्ण मंदिर, वाघा-अटारी बॉर्डर, गोबिंदगढ़ किला, महाराजा रणजीत सिंह संग्रहालय व रामबाग, हॉल बाजार जैसी जगहों को एक्सप्लोर करें। आप दिल्ली से अमृतसर 6-7 घंटे में पहुंच सकते हैं।





