‘भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों के साथ खड़ी है योगी सरकार’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रवक्ता डॉ0 हिलाल अहमद ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि, उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ने 68500 शिक्षकों की भर्ती में हुए घोटाले एवं भ्रष्टाचार के लिए उच्च न्यायालय लखनऊ खण्डपीठ द्वारा दिये गये सीबीआई जांच के आदेश का विरोध किया।उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर योगी सरकार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वह भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर खड़ी है।
 
यह भी पढ़ें–  अपना दल के साथ मिलकर हजारों किसानों ने बीजेपी को दी चुनौती
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ0 हिलाल अहमद ने जारी बयान में कहा कि बीजेपी सरकार प्रदेश के 68500 शिक्षकों की भर्ती में खुद रोड़ा बनकर खड़ी हो गयी है। वह नहीं चाहती कि इतने बड़े भ्रष्टाचार में संलिप्त दोषियों को सजा मिले और इसकी सच्चाई सामने आये। इससे साफ जाहिर होता है कि इस प्रकरण में कहीं न कहीं सरकार की संलिप्तता नजर आती है।
प्रवक्ता ने कहा कि 68500 शिक्षकों की भर्ती में जिस प्रकार का भ्रष्टाचार खुलकर सामने आया उससे पूरा प्रदेश शर्मसार है। जिस तरह से बेरोजगार अभ्यर्थियों से नियुक्ति के लिए धन की उगाही की गयी और सत्ता का दुरूपयोग किया गया, जिसके कारण कई अभ्यर्थियों ने आत्महत्या भी कर ली है। इसी के विरोध में मा0 उच्च न्यायालय में पीड़ित अभ्यर्थियों ने याचिका दायर की। जहां मा0 न्यायालय के सामने कई शर्मसार कर देने वाले प्रकरण सामने आये, जैसे कम नम्बर पाये अभ्यर्थियेां को मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त हुआ।  कई अधिक अंक पायी हुई कापियों को नष्ट किये जाने के पुख्ता सबूत मिले। उन्होंने कहा कि उ0प्र0 की बीजेपी सरकार की मंशा यदि साफ होती तो वह न्यायालय के समक्ष समयबद्ध सीबीआई जांच के लिए अनुरोध करती ताकि भ्रष्टाचार के इस गंभीर प्रकरण की शीघ्र जांच हो जाती और शिक्षकों की भर्ती का मार्ग भी खुल जाता है, लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया बल्कि मामले को और अधिक समय के लिए लटकाने का काम किया है।
यह भी पढ़ें- सामने आया बेरोजगारी का दिल दहला देने वाला मामला, जानें पूरा सच
प्रदेश की संवेदनहीन सरकार एक तरफ जहां रोजगार की मांग करने वाले नौजवानों पर लाठीचार्ज करती है वहीं सरकार के दो वर्ष पूरे होने के बाद भी आज तक एक भी नियुक्ति नहीं कर पायी है जिसके कारण प्रदेश के नौजवानेां में सरकार के प्रति अत्यधिक रोष है और वे सड़कों पर उतरकर इसके खिलाफ आन्दोलनरत हैं तथा भूखे पेट इस दमनकारी सरकार का विरोध हर स्तर पर कर रहे हैं।
डॉ0 हिलाल अहमद ने कहा कि इस भ्रष्ट एवं अत्याचारी सरकार को कांग्रेस पार्टी चेतावनी देती है कि नौजवानों का शोषण बन्द कर भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करे तथा स्वच्छ एवं निष्पक्ष भर्तियां अतिशीघ्र की जायें अन्यथा कांग्रेस पार्टी सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करने के लिए विवश होगी।
 

Back to top button