बहल (भिवानी) मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि भिवानी में नहरों का जाल बिछवाने का कार्य बंसीलाल ने करवाया था तथा अब उनमें पानी लाने का कार्य हमारी सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री शनिवार को गांव पाजू, सोरड़ा जदीद नांगल पाजू में रोड शो के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों ने टेल तक पानी पहुंचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। पानी के बिना जमीन बंजर होती जा रही थी। हमारी सरकार बनने पर हमने इस समस्या पर गंभीरता से विचार किया। इसी के चलते आज लोहारू डिवीजन की सोरड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी, नांगल पाजू माइनर चहड़ खुर्द माइनर की टेल तक पानी पानी पहुंच पाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नहरों की 1300 टेल लगती हैं, इनमें 1200 से अधिक टेल पर पानी पहुंचाया जा चुका है। शेष जो टेल बची हैं, उनकी मरम्मत का काम पूरा करके वहां भी पानी पहुंचाया जाएगा। टेल तक पानी पहुंचाने से एक तो हर खेत को पानी मिलेगा तो दूसरी तरफ भूजल स्तर पर भी बढ़ेगा। आज प्रदेश का भूजल स्तर इसलिए नीचे हुआ है क्यों कि अधिकांश टेलों तक पानी ही नहीं पहुंच रहा था। किसी टेल पर 25 साल से तो किसी पर 15 साल से पानी नहीं पहुंच रहा था।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेता जेपी दलाल जो लोहारू क्षेत्र से संबंध रखते हैं तथा लोहारू क्षेत्र में पानी की बड़ी समस्या है। इसलिए उन्होंने सबसे पहले पानी की समस्या उठाई थी। आज इन्हीं के प्रयासों के चलते प्रदेश की अधिकांश टेलों तक पानी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल, हांसी बुटाना, लखवार, रेणुका बांध जैसी परियोजनाएं पूरी होने पर और भी प्रदेश में नहरी पानी की कमी नहीं रहेगी।
सीएम ने बाद में बीआरसीएम विद्याग्राम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि रेवाड़ी महेंद्रगढ़ जिले में नहरों पर लगे पंप बदले जाएंगे। भिवानी और दादरी क्षेत्र में पंप हाउसों की स्थिति सुधारने के लिए 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज के 500 करोड़ हमने दिलाए, भाजपा ने नाम क्यों बदल दिया
लोहारू में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनाक्रोश महापंचायत में विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने भाजपा पर बड़े तंज कसे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को बर्बाद करने की ठान रखी। भाजपा सरकार ने एक ओर जहां पूंजीपतियों का कर माफ किया वहीं दूसरी ओर किसानों का कर्ज माफ करके गड्ढे में धकेल दिया है।
पानी पर उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट का फैसला चुका है तो सरकार पानी लाने में इतनी देरी क्यों कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से की गई बंसीलाल की तारीफ पर किरण ने कहा कि यदि भाजपा के हिसाब से बंसीलाल विकास पुरुष थे तो मेडिकल कॉलेज से उनका नाम क्यों हटा दिया।
उन्होंने कहा कि साल 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मेडिकल कॉलेज का नाम चौ. बंसीलाल के नाम पर रखा था। विधानसभा में यह रिकार्ड है। मेडिकल कॉलेज के 500 करोड़ रुपये भी हमने ही दिलवाये थे उसका नाम बदलकर भाजपा नेताओं ने कुछ और रख दिया। हाल ही में हुए हाईप्रोफाइल छेडछाड़ मामले में भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का विकास तो चंडीगढ़ में हो रहा है।
अंबाला गुड़गांव के गांवों में कल से 24 घंटे बिजली
पंचकूला के बाद अब अम्बाला और गुड़गांव के ग्रामीण इलाकों में भी सोमवार 14 अगस्त मध्य रात्रि से 24 घंटे बिजली मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए बिजली कंपनियों ने संबंधित इंजीनियरों और क्षेत्रीय कार्यालयों को आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें कहा गया कि इन जिलों के ग्रामीण घरेलू फीडरों पर किसी तरह का तो पावर कट लगाया जाए और लोड का प्रतिबंध लगाया जाए। इनके साथ ही प्रदेश के 3 जिले 24 घंटे बिजली व्यवस्था में शामिल हो जाएंगे। बिजली कंपनियों के प्रवक्ता ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में भी बिजली सप्लाई सुधारने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।