भगवान कृष्ण की भूमि पर बन रही ‘महाभारत’ की रणनीति

भाजपा के ‘मिशन 2019-लक्ष्य 360Ó के लिए वृंदावन में शुरू हुआ मंथन
आरएसएस की समन्वय बैठक में पहुंचे मोहन भागवत अमित शाह और प्रवीण तोगडिय़ा
ब्रज भूमि पर देश भर से जुटे संघ के शीर्षस्थ प्रचारक, स्वयंसेवक और भाजपा नेता

लखनऊ। वृंदावन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय समिति की बैठक शुरू हो चुकी है। अगले महाभारत की तैयारी के लिए संघ, भाजपा और टीम मोदी के प्रमुख नेता भगवान कृष्ण की भूमि पर जुट गए हैं और मंथन जारी है। बैठक में भले ही अगले लोकसभा चुनाव और राम मंदिर मुद्दे पर चर्चा न होने की बात कही जा रही है लेकिन हकीकत यह है कि सारी कवायद मिशन 2019-लक्ष्य 360Ó के लिए ही की जा रही है। देश की वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा के साथ भाजपा शासित राज्यों में सरकार और संगठन के कील-कांटे दुरुस्त करने का काम संघ प्रमुख मोहन भागवत की अध्यक्षता में संघ के शीर्षस्थ पदाधिकारियों ने शुरू कर दिया है।
आज से 3 सितंबर तक चलने वाले आरएसएस की इस बड़ी बैठक में देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, पड़ोसी देश खासकर चीन के साथ संबंध, जम्मू-कश्मीर राज्य की परिस्थिति, आतंकी नेटवर्क और उसे ध्वस्त करने के लिए कड़ी कार्रवाई करने के साथ मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं भगवान कृष्ण की भूमि पर बन रही भाजपा शासित राज्यों की योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए हालांकि विपक्ष की ओर से कोई बड़ी चुनौती फिलहाल नहीं दिख रही है, लेकिन लक्ष्य 360 तक पहुंचने के लिए संघ और भाजपा कोई चूक करने को तैयार नहीं हैं। संघ चाहता है कि सांगठनिक दृष्टि से कमजोर राज्यों में पैर जमाने का यह बेहतर समय है। इसके लिए संघ की अगुवाई में संगठन को मजबूत करने और वोट बैंक तैयार करने के लिए काम करना होगा, यह काम संघ के आनुषांगिक संगठनों और भाजपा के बीच बेहतर समन्वय के बिना नहीं हो सकता। समन्वय की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण इस बैठक में विश्व हिंदू परिषद, भारतीय मजदूर संघ, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, स्वदेशी जागरण मंच, धर्म जागरण मंच आदि संगठन भी शामिल रहेंगे। संघ और भाजपा को लगता है कि मंत्रियों और बड़े नेताओं के जरिए भीड़ तो जुटाई जा सकती है, लेकिन विचारधारा को मजबूती से फैलाने का काम संघ के जरिए ही हो सकता है। केशवधाम में देशभर से जुटने वाले स्वयंसेवकों को भाजपा के मिशन 2019 का शंखनाद करने में लगाया जाएगा। संघ के यह चुनिंदा प्रचारकों का तीन दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत मार्गदर्शन करेंगे ताकि देश भर में यह प्रचारक अगले लोकसभा चुनाव तक कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी कर सकें। वृंदावन के केशवधाम में शुरू हुई बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्त व रक्षा मंत्री अरुण जेटली, संगठन महामंत्री राम लाल, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगडिय़ा व महामंत्री चंपत राय के अलावा संघ परिवार के 35 संगठनों के 200 से अधिक पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। आज सुबह नौ बजे पहला सत्र शुरू हुआ। रोजाना चार सत्रों में बैठक चलेगी, सभी सत्रों की अध्यक्षता सर संघ चालक मोहन भागवत करेंगे और अमित शाह भी उसमें मौजूद रहेंगे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठक के लिए शनिवार को वृंदावन पहुंच रहे हैं। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा वृंदावन में मौजूद हैं।
बैठक के लिए वृंदावन में जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसके लिए वृंदावन के केशवधाम क्षेत्र को दो जोन और पांच सेक्टर में बांटा गया है। इतना ही नहीं वीवीआईपी के आगमन को लेकर केशवधाम के पास ही एक विशेष हेलीपैड बनाया गया है। आगन्तुकों के ठहरने के लिए केशवधाम के अलावा पास के ग्यारह मंजिला मंदाकिनी होटल के सभी रूम बुक करा दिए गए हैं। मोहन भागवत तीन दिन पहले ही केशव धाम पहुंच चुके हैं वहां वह शिव मंदिर का लोकार्पण भी करेंगे।

मोदी टीम के पांच विकेट गिरे, 2019 के लिए कल पुनर्गठित होगी टीम 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल के पांच मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। संभावना है कि ब्रिक्स सम्मेलन में जाने से पहले शनिवार शाम मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिसमें कई नये चेहरे शामिल होंगे। राजीव प्रताप रूढ़ी, उमा भारती, फग्गन सिंह कुलस्ते, संजीव वालियान और डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का मंत्रिमंडल से इस्तीफा हो चुका है। पांडेय को यूपी का भाजपा अध्यक्ष बनाया गया है। कलराज मिश्र, गिरिराज सिंह और सीतारमन का इस्तीफा होने की संभावना है। सुरेश प्रभु, अशोक गजपति राजू और नितिन गडकरी के विभागों में रद्दोबदल संभव है। मंत्री बनने वालों में यूपी की बागपत सीट से सांसद सतपाल सिंह मलिक का नाम लिया जा रहा है।

Back to top button