बड़ी खुशखबरः हवाई सफर में कर सकेंगे इंटरनेट का इस्तेमाल, फोन के लिए लंबा इंतजार

दूरसंचार मंत्रालय में सचिव अरुणा सुंदराराजन ने बताया कि उनके मंत्रालय ने विमानों में मोबाइल सेवा शुरू करने के लिए विधि मंत्रालय को फाइनल नोटिफिकेशन भेज दिया है। अब विधि मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद सरकार की तरफ से तारीख का एलान कर दिया जाएगा।
फिलहाल लोगों को मिलेगी केवल डाटा सेवा
सुंदराराजन ने कहा कि फिलहाल यात्रियों को डाटा प्रयोग करने की सुविधा ही मिलेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार की तरफ से सचिवों की कमेटी ने कॉलिंग करने पर सुरक्षा संबंधी सवाल खड़े किए हैं।
3 हजार मीटर की ऊंचाई पर मिलेगी सुविधा
ट्राई ने सुझाव दिया था कि एक बार एयरक्राफ्ट 3000 मीटर की ऊंचाई पर पहुंच जाए तो फोन करने की मंजूरी दे सकते है। इंटरनेट सर्फिंग करने के लिए अब आपको अपना फोन फ्लाइट मोड पर नहीं रखना पड़ेगा।
एयरलाइंस को लेना होगा लाइसेंस
फ्लाइट में वाईफाई इक्विपमेंट लगाने पर कंपनियों को ज्यादा खर्च उठाना पड़ेगा। टेलीकॉम मंत्रालय ने हवाई यात्रा के दौरान फ्लाइट में वॉयस, डाटा और वीडियो सेवा देने पर रेगुलेटर की राय मांगी थी। ट्राई ने अपने सुझावों में कहा था कि दुनिया की करीब 30 एयरलाइंस फ्लाइट में कॉल और इंटरनेट की सुविधा देती हैं। फ्लाइट में सुविधा देने के लिए अलग से लाइसेंस लेना होगा।





