बिलकुल वसुंधरा राजे की तरह दिखती हैं ये बीजेपी नेता, अपने बयान से सुर्खियों में आईं

चुनावों के दौरान नेताओं के बयान उन्हें सुर्खियों में ला देते हैं। इस बार ऐसा हुआ है मध्यप्रदेश में बीजेपी की महिला नेता के बयान से, जिनका राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से भी गहरा रिश्ता है।
यहां हम बात कर रहे हैं सीएम राजे की बहन और बीजेपी नेता यशोधरा राजे सिंधिया की। यशोधरा बिल्कुल वसुंधरा राजे की तरह ही दिखतीं हैं। उन्होंने भी मध्यप्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव की कमान संभाल रखी है। यहां चुनाव प्रचार के दौरान मध्यप्रदेश सरकार की मंत्री यशोधरा राजे ने कहा कि जो लोग कांग्रेस को वोट देंगे उन्हें प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का लाभ नहीं मिलेगा।मध्यप्रदेश की मुंगावली और कोलारस विधानसभा सीट पर आगामी 24 फरवरी को मतदान होना है। राजस्थान में हुए उपचुनाव की तरह यहां भी इन उपचुनावों को सत्ता का सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस की ओर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी हैं। वहीं, उनके सामने बीजेपी नेता और मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया मतदाताओं तक पहुंच बना रही हैं। ऐसे में ये उपचुनाव सिंधिया बनाम सिंधिया भी बन रहा है।
राजस्थान की तरह ही मध्यप्रदेश में भी इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। राजस्थान की तरह ही यहां भी वर्तमान में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार है। ऐसे में यहां भी मतदाताओं के लिए भी ये उपचुनाव रोचक बना हुआ है। बताया जा रहा है कि यशोधरा राजे को एक हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध कराया गया है ताकि वे हर गांव तक पहुंच बना सके। गौरतलब है कि इन दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा था, जो विधायकों के निधन के कारण रिक्त हो गईं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी राजस्थान के उपचुनाव के नतीजों के बाद उपचुनाव को लेकर काफी गंभीर हैं। बताया जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए जहां ये दोनों सीटें जीतना प्रतिष्ठा की लड़ाई है क्योंकि उन्हें यहां कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार देखा जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज के लिए ये उपचुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी बना है, क्योंकि इन दोनों ही सीटों पर कांग्रेस का बोलबाला है।





