बिपिन रावत ने कहा- पाक और विदेशी ताकतें पंजाब में आतंकवाद को जिंदा करने की ताक में हैं

भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कहा कि विदेशी ताकतें पंजाब के माहौल को दोबारा खराब करने और यहां आतंकवाद फैलाने की ताक में हैं।बिपिन रावत ने कहा- पाक और विदेशी ताकतें पंजाब में आतंकवाद को जिंदा करने की ताक में हैं

पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान समेत कई विदेशी ताकतें पंजाब के अलावा देश के अन्य कई राज्यों में अशांति फैलाना चाहती हैं। उन्होंने विदेशी ताकतों की इन गलत चालों से लोगों को सचेत रहने के लिए कहा। जनरल रावत रविवार को नाभा के पंजाब पब्लिक स्कूल के स्थापना दिवस के मौके पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

पत्रकारों की ओर से पूछे सवाल पर जनरल रावत ने कहा कि भारतीय फौज ने केंद्रीय और राज्यों की खुफिया एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क बनाया हुआ है और देश की सेना हर अंदरूनी व बाहरी चुनौती का मुकाबला करने के लिए तैयार है। इस मौके पर फौज प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कहा कि इस स्कूल के स्टूडेंट्स के लिए फौज के दरवाजे हमेशा खुले हैं।

फौज प्रमुख ने रोल ऑफ ऑनर अवार्ड प्रदान किया

जनरल रावत ने विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमाने वाले स्टूडेंट्स के साथ मुलाकात की। उसके बाद स्कूल के स्टूडेंट्स की ओर से शानदार मार्च पास्ट करके भारतीय सेना प्रमुख को सलामी दी गई। हेडमास्टर डॉ. जगप्रीत सिंह ने स्कूल की सालाना रिपोर्ट पढ़ी और स्कूल की उपलब्धियों का जिक्र किया।

इसके बाद स्कूल के पुराने स्टूडेंट खरड़ से विधायक कंवर संधू को उनकी शानदार प्राप्तियों के लिए फौज प्रमुख ने रोल ऑफ आनर अवार्ड प्रदान किया। स्कूल को दी सेवाओं के बदले स्कूल के पुराने अध्यापक बरजिंदरा एस भटनागर को जनरल बिपिन रावत की ओर से लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान पंजाब पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट्स ने इस मौके पर पीटी की शानदार पेशकारी की। फौज प्रमुख ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थान हासिल करने वाले स्टूडेंट्स को भी सम्मानित किया। साथ ही अच्छा नतीजा प्राप्त करने वाले अध्यापकों का भी सम्मान किया गया।

Back to top button