बाल मुंडवाकर किया निर्वस्त्र, साइकिल के लिए विवाहिता से हैवानियत

वाराणसी। यूपी में दहेज प्रथा कानून के बाजूद विवाहिताओं का उत्पीड़न रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोनभद्र में दहेज के लिए विवाहिता का बाल मुंडवाने और निर्वस्त्र करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज में साइकिल और पंखा नहीं मिलने के कारण ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए हैवानियत को अंजाम दिया। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है मामला
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र स्थित दीघुल गांव की एक विवाहिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग साइकिल और पंखा की मांग कर रहे हैं। मायके वालों माली हालत खराब होने के कारण यह डिमांड पूरी करने में असमर्थ हैं। जब उससे कहा गया कि वह दहेज में साइकिल और पंखा लेकर आए तो असमर्थता जताई। इस पर उसका पति विनोद और अन्य ससुरालीजन नाराज हो गए। इसके बाद उसका सिर मुंडवा दिया और जमकर पिटाई की। जब इससे भी जी नहीं भरा तो सास ने नग्न कर दिया।
लड़की अर्ध विक्षिप्त
वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों ने अपने बचाव में विवाहिता को विक्षिप्त बताया है। ससुरालियों का कहना है कि विवाहिता का पति विकलांग है। महिला के सिर में फोड़ा हो गया था इस वजह से बाल कटवा दिए गए। इतना बड़ा मामला कोतवाली इलाके में हो जाने के बावजूद पुलिस का कहना है कि इसकी जानकारी नहीं है।

Back to top button