एक और बसपा नेता ने छोड़ी पार्टी, मायावती पर लगाये गंभीर आरोप

फैजाबाद। एक और बसपा नेता पार्टी छोड़ दी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वजीत ने बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती पर गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी। उन्होंने मायावती पर चार करोड़ रुपये की मांगने का आरोप लगाया।
साथ ही स्वीकार किया कि उन्होंने जितना हो सका, उतना धन दिया। फिर भी टिकट काट दिया गया और बगल की विधानसभा के रहने वाले नेता को टिकट दे दिया गया। नगर के हिंदू इंटर कॉलेज में हुई सभा के दौरान सर्वजीत सिंह ने बसपा से अपना वर्षों पुराना नाता तोडऩे का एलान किया।
सर्वजीत सिंह को बसपा ने रुदौली विस क्षेत्र से अपना प्रत्याशी बनाया था, लेकिन अचानक फिरोज खान गब्बर की इंट्री होने के बाद बसपा ने उनका टिकट काटकर गब्बर को दे दिया। सर्वजीत सिंह के पार्टी छोडऩे के पीछे सबसे बड़ा कारण टिकट कटना ही माना जा रहा है।
साथ ही सर्वजीत ने पार्टी के कुछ पदाधिकारियों व वरिष्ठ नेताओं पर आर्थिक शोषण का आरोप लगाया। कहा, बहुजन समाज पार्टी में ईमानदारी व मेहनत से कार्य करने वाले नेताओं के लिए कोई जगह नहीं है। सर्वजीत के साथ रुदौली की ब्लॉक प्रमुख शिल्पी सिंह, जिला पंचायत सदस्य पप्पू रावत, बिरजन सिंह जिला प्रभारी डॉ। संतोष रावत, हरिओम मिश्र पिंटू सहित बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने पार्टी छोड़ दी।





