बदमाशों ने दो पुलिसकर्मियों को पीटा, वर्दी फाड़ी

बनबसा (चंपावत)। बेखौफ बदमाशों ने बनबसा में कोविड-ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस कर्मियों को हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बनबसा थाने के एसओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि कोरोना की वजह से नेपाल सीमा से लगे धनुष पुल के पास अस्थाई पोस्ट बनाई गई है। गुरुवार रात सिपाही परमजीत सिंह और हरीश राणा ड्यूटी पर थे। रात करीब नौ बजे कुछ लोग अस्थाई चौकी को पार करते पाए गए। पूछताछ करने पर युवकों ने अभद्रता करते हुए पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की। सिपाही परमजीत को जमीन पर पटक-पटक कर घायल कर दिया। पुलिस कर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी।
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलते पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल सिपाहियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद आरोपितों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें दबोचा गया। आरोपितों की पहचान गड़ीगोठ निवासी दीपक सिंह , शंकर सिंह और अंकुर सिंह के रूप में हुई। न्यायालय ने शुक्रवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Back to top button