बठिंडा में मुठभेड़ के बाद वांटेड गैंगस्टर सेवेवाला गिरफ्तार, दो पिस्टल बरामद
बठिंडा.सेवेवाला डबल मर्डर केस, कोटकपूरा गन हाउस डकैती समेत कई संगीन वारदातों में वांटेड कुख्यात गैंगस्टर गुरबख्श सेवेवाला को सोमवार रात बठिंडा पुलिस ने नहर पुल के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी परस राम नगर में किसी से मिलने के बाद नहर पटरी के रास्ते लौट रहा था। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पकड़ा गया। उसके पास से .32 बोर के दो पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।

गुरबख्श सेवेवाला गैंग के ही सिम्मा बहबल और बुड्डा राउके ने जैतो के रविंदर कोचर का 27 जुलाई को सरेआम उसी के शैलर के बाहर गोलियां मारकर कत्ल किया था। आईजी मुखविंदर सिंह छीना ने बठिंडा जोन के अंतर्गत फरार चल रहे गैंगस्टरों के परिजनों और उन्हें शरण देने वाले बठिंड़ा, फरीदकोट, मोगा, मुक्तसर और फिरोजपुर में 30 लोगों पर केस दर्ज भी किया था।
वारदातें
– 9 अप्रैल 2013 को गांव की दुश्मनी में गुरबख्श सेवेवाला के भाई रणजीत सेवेवाला का फरीदकोट मेडिकल काॅलेज में कुछ लोगों ने गोलियां मारकर कत्ल कर दिया था। इसके बाद गुरबख्श ने दविंदर बंबीहा, सिम्मा बहबल, जंपी डॉन, कंवलजीत सिंह बंटी के साथ मिलकर अपना गैंग बना लिया और भाई की मौत का बदला लेने के लिए मौका तलाशने लगा। 30 मार्च 2014 को गुरबख्श ने अपने साथी कमलजीत सिंह बंटी और जसप्रीत सिंह जंपी डॉन और जगरूप से मिलकर जैतो में सुखपाल सिंह डोगर व उसके भतीजे मनिंदर सिंह का सरेआम गोलियां मारकर कत्ल कर दिया था। {5 अक्टूबर 2014 को गुरबख्श ने अमृतसर के कुछ गैंगस्टरों की मदद से कोटकपूरा के एक गनहाउस में डकैती कर वहां से करीब 20 हथियार लूटे थे। जिनमें से पुलिस ने दस बरामद कर लिए थे, जबकि बाकी इसी के पास थे।
14 कारोबारियों को धमका कर वसूल चुका है फिरौती |दविंदर बंबीहा गैंग के मुखी दविंदर बंबीहा का 11 सितंबर 2016 को बठिंडा के रामपुरा में पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था। इसके बाद गुरबख्श सेवेवाला ने उसके गिरोह की कमान संभाल ली और सिम्मा बहबल और बुड्डा राउके से मिलकर फरीदकोट के व्यवसायियों से वसूली शुरू कर दी। आरोपी कत्ल के बाद फेसबुक अपडेट कर उसकी जिम्मेवारी लेते थे ताकि लोगों में दहशत पैदा की जा सके। इसके बाद आरोपी व्यापारियों को धमकाकर उनसे वसूली करते थे। इस तरह इन्होंने फरीदकोट के 14 व्यापारियों से अब तक फिरौती वसूली थी।





