तो इसलिए बंद है आज भारतीय शेयर बाजार, जानें क्यों?

सप्‍ताह के तीसरे दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार नहीं हो रहा है. दरअसल, आज यानी 1 मई को महाराष्‍ट्र दिवस होने की वजह से शेयर बाजार बंद हैं. इससे पहले सोमवार को भी मुंबई में लोकसभा चुनाव होने की वजह से बाजार नहीं खुले थे. इस तरह तीन दिन में सिर्फ मंगलवार ही कारोबारी दिन रहा. मंगलवार के कारोबार में निजी क्षेत्र के यस बैंक की अगुवाई में बाजार में गिरावट देखने को मिली.

मंगलवार को बाजार का हाल

मंगलवार के कारोबार में सेंसेक्स 35.78 अंक यानी 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ 39 हजार 31 अंक जबकि एनएसई निफ्टी 6.50 अंक यानी 0.06 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 11 हजार 748 अंक पर बंद हुआ. 30 शेयरों वाला सेंसेक्स गिरावट के साथ 39 हजार 56 अंक पर खुला और एक समय 38 हजार 753 अंक तक चला गया. कारोबार के दौरान यह उच्च स्तर पर 39 हजार 105 अंक तक चला गया था.पूरे कारोबार के दौरान इसमें 352 अंक से अधिक का उतार-चढ़ाव आया. इसी तरह निफ्टी की भी शुरुआत कमजोर रही और कारोबार के दौरान 11 हजार 656 के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया.

यस बैंक 30 फीसदी टूटा

मंगलवार के कारोबार में यस बैंक के शेयर 30 फीसदी तक टूट गए. दरअसल, यस बैंक को फंसे कर्ज के एवज में प्रावधान बढ़ाये जाने से मार्च तिमाही में 1,506 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है.

इन कंपनियों के आए नतीजे

बता दें कि मंगलवार को रेमंड लिमिटेड के मार्च 2019 में समाप्त चौथी तिमाही के नतीजे आए. रेमंड का मुनाफा चौथी तिमाही में 24.26 फीसदी बढ़कर 67.70 करोड़ रुपये हो गया है. कंपनी ने एक साल पहले इसी तिमाही में 54.48 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था. जनवरी से मार्च 2019 की तिमाही अवधि में कंपनी की कुल आय 1,837.11 करोड़ रुपये रही है जो कि एक साल पहले की इसी अवधि में हासिल 1,655.12 करोड़ रुपये के मुकाबले 10.99 फीसदी अधिक रहा. पूरे वित्त वर्ष 2018- 19 में कंपनी का शुद्ध लाभ 174.77 करोड़ रुपये रहा जो कि 2017- 18 में 141.55 करोड़ रुपये रहा था.

जनता को बड़ा झटका, इतने रुपये महंगा हुआ LPG सिलेंडर

इसी तरह निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक का  शुद्ध लाभ 2018-19 की मार्च में समाप्त तिमाही में 14 फीसदी बढ़कर 2,038.27 करोड़ रुपये हो गया. साल 2017-18 की चौथी तिमाही में उसका मुनाफा 1,789.24 करोड़ रुपये रहा था. बैंक की कुल आय बढ़कर 13,823.33 करोड़ रुपये हो गई. पूरे वित्त वर्ष (2018-19) के लिए कोटक महिंद्रा बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ 7,204 करोड़ रुपये रहा.

Back to top button