फर्जी कॉल सेंटर के 126 लोग गिरफ्तार, अमेरिकियों को ऐसे बनाते थे निशाना

अमेरिकी नागरिकों से कथित तौर पर धन की वसूली करने में संलिप्त एक फर्जी कॉल सेंटर से 126 लोगों को नोएडा पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया. दरअसल, ये लोग अमेरिकी नागरिकों के सामाजिक सुरक्षा नंबर में विसंगति रहने की वजह बताते हुए उन्हें गिरफ्तारी की धमकी देते थे और कथित तौर पर उनसे धन वसूली करते थे.
पुलिस ने गुरुवार देर रात नोएडा के सेक्टर 63 स्थित इस कॉल सेंटर में छापा मारा. पुलिस को मौके से कई कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, लैपटॉप, चेक बुक आदि मिले हैं. पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि ये लोग काफी समय से विदेशी लोगों को ठग रहे थे.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल ने बताया कि एक कॉल सेंटर के लोगों द्वारा अमेरिकियों से संपर्क कर उन्हें ठगने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर एक विशेष टीम बनाकर गुरुवार रात कॉल सेंटर में छापा मारा गया. उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर से 126 लोगों को गिरफ्तार किया गया. साथ ही, 312 कंप्यूटर जब्त किये गये और 20 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किए गए.
उप्र : अपहरणकर्ताओं के अड्डे से मिला 6 साल के मासूम का शव
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग गूगल और अन्य इंटरनेट मंचों के जरिये अमेरिकी लोगों का डेटा तथा सोशल सिक्योरिटी नंबर हासिल कर उनसे संपर्क करते थे. एसएसपी ने बताया कि वे झांसे में आने वाले लोगों 2,000 डॉलर से ले कर 5,000 डॉलर तक अपने खाते में डलवा लेते थे. उन्होंने बताया कि अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई को ईमेल के जरिये पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है.





