प्रधानमंत्री मोदी की डिग्री सौ फीसद सही : डीयू

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्नातक की डिग्री को लेकर बने विवाद का मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की ओर से पटाक्षेप कर दिया गया। डीयू के रजिस्ट्रार प्रो. तरुण दास ने साफ किया कि मार्कशीट व डिग्री के स्तर पर नाम को लेकर एक त्रुटि है, लेकिन प्रधानमंत्री की डिग्री सौ फीसद सही है और विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में दर्ज है। विश्वविद्यालय के इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से प्रधानमंत्री की डिग्री पर उठाए जा रहे सवालों पर भी डीयू ने पूरी तरह से विराम लगा दिया है।
रजिस्ट्रार के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एनरोलमेंट नंबर सीसी 594 / 74 है और उनका रोल नंबर डीयू रिकॉर्ड के अनुसार 16594 है। डीयू ने साफ किया है कि प्रधानमंत्री की स्नातक की पढ़ाई से जुड़े सभी दस्तावेज उनके रिकॉर्ड में और उनकी मार्कशीट और डिग्री के स्तर पर जिस त्रुटि की बात सामने आ रही है वो भी सही है, लेकिन यह सामान्य चूक है और हर साल रिकॉर्ड के स्तर पर ऐसी चूक से सैकड़ों विद्यार्थियों को दो चार होना पड़ता है। कुछ सुधार कराते हैं तो कुछ ऐसे ही स्वीकार कर लेते हैं।
इसी तरह डीयू ने ये भी स्पष्ट किया है कि चूंकि प्रधानमंत्री ने 1978 में अपनी बैचलर ऑफ ऑर्ट्स की पढ़ाई की पूरी की तो व्यावहारिक प्रक्रिया के तहत उन्हें 1979 में डिग्री जारी हुई। विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार के स्तर पर सामने आई प्रधानमंत्री की डिग्री की सच्चाई को जगजाहिर करने के मामले में कहा गया है कि चूंकि ये मामला एक छात्र की व्यक्तिगत जानकारी से संबंधित रहा है इसलिए डीयू इसे किसी भी व्यक्ति को यूं ही मुहैया नहीं करा सकता है। उन्होंने कहा कि ये सुरक्षा हम डीयू में पंजीकृत हर छात्र को मुहैया कराते हैं फिर वो चाहे सामान्य छात्र हो या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी।





