प्रताड़ना से त्रस्त व्यवसायी ने उठाया खौफनाक कदम, मायके से पहुंची पत्नी के उड़े होश

लखनऊ। राजधानी में एक 45 वर्षीय व्यवसायी का शव घर में फंदे पर लटका मिला। मायके से लौटी पत्नी के घंटों दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला। पत्नी ने खिड़की से झांक कर देखा तो कुंडे से पति का शव फंदे पर लटका रहा था। शोर गुल सुन आसपास के लोग जमा हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर परिवारीजनों की मदद से शव को नीचे उतारा। परिजनों का आरोप है कि पार्टनरशिप में चल रहे व्यवसाय में घाटा होने के बाद सूदखोरों की प्रताड़ना से त्रस्त होकर व्यवसायी ने ऐसा कदम उठाया है।
कुंडे से केबल के सहारे लटक रहा था
मामला इंदिरानगर के सी ब्लॉक का है। यहां के रहने वाले अनादि त्रिपाठी पेशे से व्यवसायी थे। इंस्पेक्टर गाजीपुर के मुताबिक, रविवार रात मृतक व्यवसायी की पत्नी अनीता मायके से लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब न मिला तो शोर सुनकर परिवारीजन आ गए। परिवारीजनों ने खिड़की से अंदर देखा तो कुंडे से पति का शव फंदे पर लटका रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर परिवारीजनों की मदद से शव को नीचे उतारा।
मिली थी जान से मारने की धमकी
परिवारीजनों ने बताया कि अनादि कुछ लोगों के साथ पार्टनरशिप में व्यवसाय करता था। घाटा होने के बाद पार्टनर ने अनादि से किनारा कर लिया। उन्होंने अनादि पर लाखों रुपये की उधारी बता दी और ब्याज लगाकर रुपये वसूलने लगे। अनादि ने उन्हें काफी रुपये दे भी दिए थे, लेकिन वह लोग लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार दिन में भी कुछ लोग घर पर आकर उन्हें रुपये चुकाने की बात कहकर धमकी भी दी। प्रताड़ना से त्रस्त होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली।
मौत के बाद आए 15 फोन
इंस्पेक्टर ने बताया कि अनादि का मोबाइल जब कब्जे में चौकी प्रभारी ने लिया तो एक घंटे में करीब 15 लोगों के फोन आए। सभी लोग उनसे रुपये मांग रहे थे। सभी नंबरों को चिह्न्ति कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
क्या कहना है पुलिस का ?
इंस्पेक्टर ने बताया कि परिवारीजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। वह जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कई लोगों के अनादि पर रुपये बकाया होने की बात सामने आयी है। वह अनादि से रुपये वसूलने के लिए दबाव बना रहे थे। अनादि का मोबाइल कब्जे में लेकर पड़ताल की जा रही है। जो भी रुपयों के लिए उन पर दबाव बना रहा होगा उसके खिलाफ परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।





