प्याज से आम जनता का मिजाज बिगड़ गया: यूपी

प्याज ने जन-सामान्य का दीवाली बाद एक बार फिर से दीवाला निकालने का मन बना लिया है, वहीं थाली में प्‍याज ने जो आग लगाई है उससे आम जनता का मिजाज बिगड़ गया है। उत्‍तर प्रदेश सरकार ने राहत देने के लिए शहर में कई सरकारी सस्‍ते प्‍याज का स्‍टाल लगाया मगर कुछ दिनों के बाद गुपचुप तरीके से ताला लगाकर अधिकारी भी चलते बने।

वहीं दूसरी ओर सोमवार को पहडिय़ा थोक मंडी में प्याज 65 रुपये तो फुटकर बाजार में 80 रुपये प्रति किलो बिका। वहीं मंगलवार की सुबह भी बाजार में इसी भाव से प्‍याज ने अपना खाता खोला। कारोबारियों के अनुसार नासिक में बारिश के कारण प्याज का भाव 48 घंटे में 30 रुपये किलो तक बढ़ गया है, ऐसे में प्‍याज की देर से अापूर्ति की संभावनाओं के बीच प्‍याज की कीमत में आग लगना तय है।

इस मौसम में अमूमन हर साल बंगलौर का प्याज ही मोर्चा संभालता था। लेकिन अबकी गुणवत्ता खराब होने से प्याज बनारस पहुंचने से पूर्व ही खराब हो जा रहा है। वहीं दक्षिण भारत में लगातार हो रही बारिश ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। मंडी में इन दिनों अच्छे प्याज का टोटा है। थोक बाजार में दो से तीन दिन पूर्व ही प्याज की कीमत 40 से 45 रुपये प्रतिकिलो था।

Back to top button