पोर्टल के माध्यम से दी जाएगी मदरसों की जानकारी: औलख

मदरसों को बेहतर कैसे बनाया जाये और उसके बारे में सही जानकारी कैसे प्राप्त हो उस पर हो रहा है काम
लखनऊ। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर राज्यमंत्री बलदेव औलख ने जनसमस्याओं का निराकरण किया। उन्होंने बताया कि जन सहयोग केन्द्र पर लगभग 100 समस्याओं के शिकायती पत्र आए जिसमें लगभग 75 समस्याओं का निस्तारण टेलीफोन एवं पत्र के माध्यम से किया गया।
जन सहयोग केंद्र पर राज्यमंत्री बलदेव औलख ने कहा कि हमने 18 अगस्त को पोर्टल जारी किया था, मदरसों को बेहतर कैसे बनाया जाये और उसके बारे में सही जानकारी कैसे प्राप्त हो उस पर काम हो रहा है। जबकि अब तक जो भी सरकारें रहीं वो सिर्फ लूट-खसोट करती रहीं। सरकार की तरफ से जो भी पैसा मदरसों को जाता है वो कहां जाता है और उस पैसे का क्या होता है, इसके बारे में कभी विचार ही नहीं किया गया। इसलिए पोर्टल के माध्यम से सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिये मदरसों से जानकारियां जुटाई जा रही हंै। राज्यमंत्री के मुताबिक हिन्दी हमारी मातृ भाषा है, 90 प्रतिशत लोग उर्दू नहीं जानते हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि उर्दू के साथ मदरसों के नाम हिन्दी में भी लिखे जाने चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक जानकारियां पहुंच सकें।





