पोते की चाह में हैवानियत, मासूम बच्ची के प्राइवेट पार्ट को चिमटों से दागा

बेटे की चाहत पूरी नहीं होने पर एक गांव में चार साल की मासूम बच्ची के प्राइवेट पार्ट को चिमटों से दागने का मामला सामने आया है।

घटना हरियाणा के सिरसा की है, जहां डिंग थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटे की चाहत पूरी नहीं होने पर 4 साल की मासूम बच्ची को भयंकर शारीरिक यातनाएं दी गई। बाल कल्याण समिति की जांच में फिलहाल बच्ची की दादी पर संदेह जताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची के परिवार के लोग लड़का चाहते थे, लेकिन जन्म लड़की का हुआ। बताया जाता है कि बच्ची के साथ परिवार के सदस्य अक्सर पिटाई करते हैं।
गत दिवस बाल कल्याण समिति को किसी ने सूचना दी कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट को चिमटे से दाग दिया गया है। इसके बाद समिति की टीम गांव पहुंची तो सूचना सही निकली। इसके बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति ने सिविल अस्पताल में दाखिल कराया है।
बाल कल्याण समिति ने बच्ची की मां से बात की तो उसने कहा कि बच्ची पर गर्म चाय गिर गई थी। लेकिन समिति को मां की बात पर विश्वास नहीं हुआ। इसके बाद समिति ने गांव में जाकर जानकारी हासिल की तो यह बात सामने आई की बच्ची को चिमटे से दागा गया है।
इस संबंध में डिंग थाना प्रभारी जगीर सिंह का कहना है कि पुलिस बच्ची को देखने अस्पताल गई है। अभी तक बच्ची से बातचीत नहीं हुई है।
परिजनों का कहना है कि बच्ची पर चाय गिरी है, जबकि बाल कल्याण समिति की जांच में चिमटे से दागने वाली बात सामने आ रही है। बच्ची के बयान होने पर सचाई सामने आ सकती है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।





