पेट्रोल-डीजल के बाद अब LPG ने भड़काई महंगाई, अब मिलेगा इतने रुपये में
देहरादून: पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी से लेकर हर कोई इंसान परेशान है. लेकिन अब पेट्रोल-डीजल के अलावा LPG के दाम बढ़ने से लोगों की परेशानी और बढ़ने वाली है.
जी हां अब पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर घरेलू रसोई गैस पर भी दिखने लगा है. घरेलू रसोई गैस की कीमतों में 56 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है. नई संशोधित दरों के अनुसार, अभी तक 836.50 रुपये में मिलने वाला गैस सिलेंडर अब 892.50 रुपये में मिलेगा. इससे उपभोक्ताओं को 12 रुपये से अधिक सब्सिडी का नुकसान होगा. नए दाम रविवार आधी रात से लागू हो गए हैं.
रविवार रात 12 बजे से ही रसोई गैस के संशोधित मूल्य तेल कंपनियों ने जारी कर दिए हैं. देहरादून एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल ने बताया कि एलपीजी के संशोधित मूल्य गैस एजेंसियों को मिल चुके हैं. पहले घरेलू गैस सिलेंडर जहां 836.50 रुपये में मिल रहा था, जिससे 312 रुपये की सब्सिडी खाते में आती थी.
लेकिन, अब दाम बढ़ने से सिलेंडर 56 रुपये की वृद्धि के साथ 892.50 रुपये का मिलेगा. अध्यक्ष चमन लाल के मुताबिक इससे उपभोक्ताओं को लगभग 12 रुपये से ज्यादा की सब्सिडी का नुकसान होने का अनुमान है. सब्सिडी की वास्तविक स्थिति सोमवार सुबह तक तेल कंपनियां स्पष्ट कर देंगी. इसके साथ ही 19 किलो के व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम में भी 86 रुपये की बढोतरी हुई है. इसका मतलब पहले जो गैस सिलेंडर 1463.50 रुपये में मिलता था वो अब 1549.50 रुपये में मिलेगा.





