पुष्कर मेले में दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी

पुष्कर मेले में दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सोमवार को पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। पुष्कर सरोवर में स्नान के बाद लोगों ने परिक्रमा लगाई और फिर दुनिया के एकमात्र ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए। सोमवार को ब्रह्मा चतुर्दशी होने के कारण दूरदराज से आए साधु-संतों ने सप्तऋषि घाट पर पुष्कर सरोवर में शाही स्नान किया। यह संतों का पुष्कर सरोवर में 17वां शाही स्नान है।

शाही स्नान के लिए पुष्कर के विभिन्न आश्रम एवं मठ-मंदिरों में ठहरे साधु-संत सुबह जल्द ही सैन भक्ति पीठ से सैनाचार्य अचलानंदाचार्य महाराज और रामदयाल महाराज के नेतृत्व में शोभायात्रा निकालते हुए सप्तऋषि घाट पहुंचे। यहां साधु-संतों ने शाही स्नान करने के साथ ही पूजा-अर्चना भी की। साधु-संतों के बाद अन्य लोगों ने सरोवर के विभिन्न घाटों पर स्नान कर पूजा-अर्चना की। मंगलवार को पुष्कर मेले का समापन होगा। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर पुष्कर सरोवर में महास्नान होगा।

कार्तिक पूर्णिमा पर पुष्कर सरोवर में स्नान करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लोगों का पुष्कर पहुंचना सोमवार सुबह से ही शुरू हो गया, इनमें महिलाओं की संख्या अधिक है। मेले में हर साल की तरफ विदेशी पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। मंगलवार को मेले का अंतिम दिन होने के बावजूद सोमवार को कई विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे। ऊंट-गाड़ी की सवारी, घोड़ी नृत्य, कालबेलिया नृत्य सहित राजस्थानी वेशभूषा में घूमने स्थानीय लोग पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहे।

मंगलवार को होगा मेले का समापन 

मंगलवार को मेला स्टेडियम में समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राजस्थानी लोक कलाकारों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हाेंगे। देशी-विदेशी मेहमानों के बीच रस्सा-कस्सी, मटका दौड़ समेत अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मेले में एक सप्ताह तक गांधी दर्शन और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने यहां प्रतिदिन महिला सशक्तिकरण को लेकर अलग-अलग तरह से संदेश दिया। इससे पहले पुष्कर मेले में रविवार की शाम विदेशी मेहमानों के नाम रही। विदेशी जोड़े भारतीय दूल्हे-दुल्हन की वेशभूषा पहनकर स्टेडियम में नजर आए। उन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ नृत्य भी किया। इस दौरान इजरायल की माया ने मेले की सुंदर भारतीय दुल्हन का पुरस्कार जीता।

Back to top button