पुलिस कांस्टेबल ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद की कनपटी पर गोली मारकर कर ली आत्महत्या

राजस्थान में अलवर जिले के टहटडा गांव के पास जंगल मे एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद की कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।

कांस्टेबल मंजीत सिंह गांव के पास जंगल में अपनी कार में मृत मिला और उसके हाथ से रिवॉल्वर मिली। गोली कांस्टेबल की कनपटी से आर-पार होते हुए कार के शीशे से बाहर निकल गई। मृतक कांस्टेबल ने सुसाइड नोट लिखा है। तीन पेज के सुसाइड नोट में अधिकारियों द्वारा प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। मृतक के पिता ने अलवर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा द्वारा कांस्टेबल मंजीत सिंह को धमकी देने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता रमेश ने कहा कि रविवार को मंजीत का फोन आया था और उसने बताया कि चिरंजी लाल मीणा उसे परेशान कर रहा है।

चिरंजी लाल उसको नौकरी करना सिखाने और अन्य कई तरीके की धमकी देने की बात कही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खींची ने बताया कि रविवार देर शाम एक कार जंगल में काफी देर से खड़ी होने की बात आसपास के लोगों ने बताई। कुछ लोग कार के पास पहुंचे तो पुलिस की वर्दी में एक व्यक्ति चालक सीट पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। इस पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।  

Back to top button