पुरुलिया में गूंजी योगी की दहाड़, जयश्रीराम के नारे से शुरू किया भाषण

पश्चिम बंगाल में ममता सरकार द्वारा पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह उसके बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलिकॉप्टर नहीं उतरने दिये जाने के बाद सियासत और भी गरमा गई है। इसी के चलते बीजेपी ने एक ऐसा तोड़ निकाला है, जिससे देश में गर्मा-गर्मी का माहौल है। लोकसभा चुनाव 2019 के इस राजनैतिक माहौल में यूपी सीएम सड़क मार्ग से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया पहुंच चुके हैं।
पुरुलिया पहुंचने के बाद योगी ने हुंकार भरते हुए जयश्रीराम के नारे से भाषण शुरू किया। गरजते हुए योगी ने कहा कि बीजेपी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी इसी बंगाल की धरती के हैं। इसलिए बंगाल की धरती तो बीजेपी की धरती होनी चाहिए। पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार को लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास नहीं है।
ममता सरकार पर शब्दों का प्रहार करते हुए योगी ने कहा कि चिटफंड घोटाले के आरोपियों को ममता बनर्जी बचा रही हैं। साथ ही उन्होंनें सवाल किया कि उस भ्रष्ट अधिकारी के घर ममता बनर्जी क्यों बैठी हुई थीं। मोदी जी के नेतृत्व में हुए बदलाव से बंगाल अछूता रह गया था।
अपना भाषण जारी रखते हुए योगी ने कहा कि जिस दिन यहां बीजेपी की सरकार बन गई, उस दिन टीएमसी के गुंडे ठीक वैसे ही गले में तख्ती लगाकर चलेंगे जैसे यूपी में सपा-बसपा के गुंडे गले में तख्ती लगाकर जान की भीख मांगते हुए कहते हैं कि अब हम किसी को नहीं छेड़ेंगे। ममता बनर्जी ने मेरे हेलिकॉप्टर को यहां उतरने नहीं दिया, लेकिन मैं सड़क मार्ग से आप सबके बीच यहां आया हूं। मैं बंगाल की धरती को कोटि-कोटि नमन करता हूं। योगी ने अपना भाषण जय-जय श्रीराम के नारे से खत्म किया।





