पीएम मोदी के इस तंज से तिलमिला गया विपक्ष

नोटबंदी पर संसद में हो रहे संग्राम पर पीएम नरेंद्र मोदी ने चुटकी ली है. पीएम ने तंज कसते हुए कहा कि विरोध इसलिए नहीं कि तैयारी नहीं थी विरोध इसलिए क्योंकि उन्हें तैयारी का मौका नहीं मिला.
ज्यादा संपत्ति रखने वालों को मोदी सरकार ने दिया एक और मौका
प्रधानमंत्री मोदी ने आज संसद भवन परिसर में संविधान दिवस के अवसर पर एक किताब के विमोचन पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा, ‘विरोध इसलिए नहीं कि तैयारी नहीं थी विरोध इसलिए क्योंकि उन्हें तैयारी का मौका नहीं मिला’ नोटबंदी को लेकर संसद में आज भी जमकर हंगामा हुआ. विपक्ष पीएम मोदी के आज के बयान पर माफी मांगने की मांग पर अड़ गया है
आपको बता दें कि 8 नवंबर को मोदी सरकार ने 500-1000 के पुराने नोटों को अमान्य कर दिया था. सरकार के इस बड़े फैसले के बाद विपक्षी दल लगातार सरकार को घेरने में जुटे हैं. इसी के साथ विपक्ष की मांग है कि नोटबंदी पर प्रधानमंत्री मोदी सदन में जवाब दें. मोदी आज नोटबंदी का विरोध कर रहे विपक्षी दलों पर जमकर बरसे.
राज्यसभा में नोटबंदी के खिलाफ मायावती, शरद यादव, रामगोपाल और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने आज एक साथ सरकार पर हमला बोला, ये सभी सांसद पीएम मोदी के उस बयान से नाराज हैं जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘विरोध वो लोग कर रहे हैं जिन्हें तैयारी का मौका नहीं मिला’. इन नेताओं ने एकसुर में कहा कि पीएम कैसे पूरे विपक्ष पर ये आरोप लगा सकते हैं कि उन्हें काला धन ठिकाने लगाने के लिए तैयारी का समय नहीं मिला. विपक्ष की मांग है कि पीएम सदन में आएं और माफी मांगें. हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही आज भी स्थगित करनी पड़ी.





