पीएम मोदी की बातें महज एक ढकोसला: मायावती

भाजपा की कथनी और करनी में बताया अंतर
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाया है। उन्होंने हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणियों के बाद भी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को बर्खास्त न करने की वजह बताने को कहा है। बसपा सुप्रीमो ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात में यह कहना कि आस्था के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सीधे-सीधे ढकोसला जान पड़ता है। देश की जनता अच्छी तरह जानती है कि भाजपा की कथनी व करनी में अंतर रहता है।
मायावती ने कहा कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को दुष्कर्म का आरोपी करार देने के बाद हरियाणा, पंजाब और आसपास के राज्यों में सरकारी संरक्षण में गुजरात की तरह से हिंसा करायी गई। उन्होंने कहा कि मोदी की बात में थोड़ी भी सच्चाई होती तो हरियाणा के मुख्यमंत्री अब तक बर्खास्त हो चुके होते। ऐसा नहीं किए जाने से साबित होता है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व केवल उपदेश देने और बड़ी-बड़ी बातें करने में ही विश्वास करता है। बसपा मुखिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में गत 15 अगस्त को लालकिले से कही बातों को दोहराया लेकिन भाजपा शासित राज्यों में किसी भी सरकार ने इस पर अमल नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अपना अहंकारी स्वभाव बदलने को तैयार नहीं है, वो खुद को संविधान और कानून से ऊपर मानते हैं। उनका सोचना है कि वह जो भी करते हैं वही देशभक्ति है, लेकिन जनता को उनकी हकीकत मालूम होने लगी है। इसलिए समय आने पर वह अपना जवाब जरूर देगी।





