यूपी चुनाव 2017: सपा छोड़ेंगे बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे, रमाशंकर ने की बीजेपी से बगावत?

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीजेपी और समाजवादी पार्टी में टिकट बंटवारे के बाद कोहराम मचा हुआ है। दोनों पार्टियों के नेता टिकट बंटवारे से नाराज होकर पार्टी छोड़ रहे हैं। एक तरफ जहां सपा से अंबिका चौधरी के बाद अब बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा सपा छोड़ सकते हैं वहीं बीजेपी में आजमगढ़ के कद्दावर नेता रमाकांत यादव बगावती तेवर अपना लिए हैं।
सूत्रों ने बताया कि बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा अपना टिकट कट जाने से इतने नाराज हैं कि उन्होंने सपा छोड़ने का फैसला कर लिया है। राकेश को मुलायम सिंह यादव ने बाराबंकी जिले की रामनगर सीट से टिकट दिया था। इस सीट से अखिलेश के करीबी नेता अरविंद सिंह गोप दावेदारी कर रहे हैं। जैसे ही अखिलेश यादव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनें उन्होंने राकेश की जगह अरविंद सिंह गोप को टिकट दे दिया।
वहीं आजमगढ़ में मुलायम सिंह यादव को कड़ी टक्कर देने वाले बीजेपी नेता रमांकात यादव पार्टी से बगावत पर उतर आए हैं। रमाकांत अब आजमगढ़ की तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने जा रहे हैं। दरअसल रमाकांत ने भाजपा से आजमगढ़ की तीन सीटों अपने उम्मीदवारों के लिए टिकट की मांग की थी। सूत्रों बताया कि बीजेपी रमाकांत को एक सीट देने को तैयार है। रमाकांत अगर पार्टी से बगावत कर तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारते हैं तो सीधे-सीधे नुकसान बीजेपी को होगा।





