पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतो से नहीं बाज आ रहा, प्लांवाला में फिर की गोलाबारी….

पाकिस्तान अपनी नापाक हरकत से बाज नहीं आ रहा है। भारतीय सीमा में आतंकवादियों की घुसपैठ कराने और सीमा से सटे रिहायशी इलाकों में आम लोगों को निशाना बनाते हुए पाकिस्तानी सैनिक लगातार गोलाबारी कर रहे हैं। अखनूर के प्लांवाला सेक्टर में नत्थू टिब्बा क्षेत्र में पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह तीन बजे से लेकर पांच बजे तक जमकर गोलाबारी की। हालांकि भारतीय जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। लगातार सातवें दिन भी पाकिस्तान द्वारा की गई इस गोलाबारी के कारण सीमांत ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। हालांकि भारतीय सेना ने पहले ही पाकिस्तान की हरकतों का भांप लिया था। उन्होंने पहले ही गांव में अलर्ट जारी कर रखा था। जिसके बाद ग्रामीणों ने रात बंकर में ही गुजारी।
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के तीन बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए पहले हल्की गोलाबारी की। उसके आधे घंटे बाद उन्होंने नत्थू टिब्बा के रिहायशी इलाकों में मोर्टार दागना शुरू कर दिया। जब यह गोलाबारी शुरू हुई उस समय ग्रामीण बंकर व अपने घरों के भीतर ही थे। इसकी वजह से वहां कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पाकिस्तानी सैनिकों की इस हरकत का भारतीय जवानों ने भी मुंह तोड़ जवाब दिया। सूत्रों का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में भारतीय सैनिकों ने कई पाकिस्तानी बंकरों को नष्ट भी किया है। अधिकारिक तौर पर अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पाकिस्तान की ओर से हो रही लगातार गोलाबारी से सीमा पर लोग दहशत में हैं।
पाकिस्तानी सैनिक पिछले छह दिनों से लगातार इस सेक्टर में गोलाबारी कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि हो सकता है कि इस गोलाबारी की आड़ में पाकिस्तान यहां घुसपैठ करवाने का प्रयास कर रहा हो। पाकिस्तान ने इससे पहले सोमवार रात पौने नौ बजे भी भारी गोलाबारी की दी थी। गोलाबारी का यह सिलसिला मंगलवार सुबह छह तक जारी रहने से सीमांत क्षेत्र के लोग दशहत में रहे। ऐसे में काफी लोगों ने दुश्मन द्वारा दागे जा रहे गोलों से बचने के लिए रात बंकर में बिताई।
मंगलवार सुबह छह बजे के बाद पाकिस्तान ने गोलाबारी तो नहीं की परंतु उसके बावजूद लोगों में दहशत का माहौल बरकरार था। खूनखराबा करने के लिए पाकिस्तान रात के समय फिर से गोले दाग सकता है, इस आशंका को ध्यान में रखते हुए प्लांवाला व आस पास के सीमांत इलाकों के लोगों ने पूरी सर्तकता बरतते हुए रात बंकरों में ही गुजारी।
वहीं दूसरी ओर सेना भी प्लांवाला में नियंत्रण रेखा के हालात पर पूरी नजर रखे हुए हैं। ऐसे में मंगलवार को सेना के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने प्लांवाला क्षेत्र का दौरा कर सीमा पार से हो रही गोलाबारी से उपजे हालात का जायजा लिया। क्षेत्र में अग्रिम क्षेत्रों में तैनात सैनिकों को कड़ी चौकसी बरकरार रखने के निर्देश दिए गए हैं।





