पशु-पक्षियों की फोटो प्रदर्शनी पर्यावरण संरक्षण का संदेश: नाईक

राज्यपाल ने जीव जन्तुओं पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का किया उद्घाटन 
मीडिया फोटोग्राफर्स क्लब ने आयोजित की प्रदर्शनी, दर्शकों ने सराहा 

लखनऊ। मीडिया फोटोग्राफर्स क्लब के तत्वावधान में राजधानी के नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान के बारादरी में जीव जन्तुओं पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल राम नाईक ने किया। इस मौके पर राज्यपाल ने छायाकारों को सम्मानित भी किया। प्रदर्शनी को दर्शकों ने सराहा।
राज्यपाल ने फोटो प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि जीव जन्तुओं पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन प्राणी उद्यान में किया गया है जिसका निश्चित रूप से एक अच्छा संदेश जाएगा। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से इस प्रदर्शनी का महत्व है। भारतीय परम्परा में जीव-जन्तुओं के संवर्धन को विशेष महत्व प्रदान किया गया है। अनेक देवी-देवताओं के साथ जीव-जन्तुओं का वर्णन है जैसे शंकर के साथ नंदी, गणपति के साथ मूषक, विद्या की देवी सरस्वती के साथ हंस, भगवान कृष्ण के साथ गाय आदि। उन्होंने कहा कि यह एक संकेत है कि धरती को रहने योग्य बनाने में पशु-पक्षियों का भी योगदान है। श्री नाईक ने कहा कि फोटोग्राफी संचार का एक ऐसा माध्यम है जिसमें भाषा की आवश्यकता नहीं होती। पशु-पक्षियों की फोटोग्राफी करना एक मुश्किल काम है, क्योंकि इसके लिए सही मौके का इंतजार करना पड़ता है। अच्छा छायाकार न केवल उस क्षण को पहचानता है बल्कि उस दृश्य को अपने कैमरे में कैद भी करता है। यह प्रदर्शनी नवोदित छायाकारों के लिए सीखने की एक कार्यशाला है। राज्यपाल ने ‘चरैवेति! चरैवेति’ श्लोक का मर्म समझाते हुए छायाकारों को निरन्तर आगे बढऩे की सलाह दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने अशोक दत्ता, संदीप रस्तोगी, रंगनाथ मिश्रा, आशीष पाण्डेय सहित अन्य छायाकारों को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा और चित्र का आपसी संबंध है। फोटोग्राफी एक विधा के साथ-साथ एक कला है। कार्यक्रम में मीडिया फोटोग्राफर्स क्लब के अध्यक्ष एसएम पारी ने संस्था के बारे में विस्तार से बताया तथा अतिथियों का स्वागत किया। प्रधान मुख्य वन्यजीव संरक्षक एसके उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर मीडिया फोटोग्राफर्स क्लब के अध्यक्ष एसएम पारी, संरक्षक मुरलीधर आहूजा सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

Back to top button