परवेज मुशर्रफ ने स्वीकारा पाकिस्तान में है दाऊद

पाकिस्तानी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में दाऊद पर 
बोले परवेज मुशर्रफ मुंबई धमाकों का मुख्य आरोपी है दाऊद

लखनऊ। पूरी दुनिया जानती है कि भारत का मोस्ट वांटेड दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में है। कई बार उसके ठिकानों के बारे में बताया गया है लेकिन पाकिस्तान हमेशा से इससे इनकार करता आया है। फिलहाल दाऊद इब्राहिम के पाकिस्तान में होने की खबर पर पाकिस्तान के पूर्व राष्टï्रपति परवेज मुशर्रफ ने मुहर लगा दी है। पाकिस्तान के एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में मुशर्रफ ने दाऊद के कराची में होने की बात एक तरह से मान ली है। उन्होंने संकेत दिया कि अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद इब्राहिम कराची में है। दाऊद 1993 मुंबई धमाकों का मुख्य आरोपी है और इस मामले में भारत को उसकी तलाश है।
मुशर्रफ ओसामा बिन लादेन के पाकिस्तान में मिलने के एक सवाल पर जवाब देते हुए दाऊद के बारे में भी बड़े संकेत दे गए। बातचीत में रिपोर्टर ने मुशर्रफ से कहा कि पहले इंडिया वाले मजाक करते थे कि ओसामा को हमने छुपाया है, लेकिन उनका मजाक तो सही साबित हो गया। ओसामा बिन लादेन हमारे पास काकुल एकेडमी के पास मिला। इस पर मुशर्रफ ने कहा कि मुझे इसमें शक है कि वो वहां 5 साल रहा। वो आता जाता था। जिस पर रिपोर्टर ने कहा कि लेकिन मारा तो यहीं गया। मुशर्रफ बोले कि हां, मारा तो गया। फैमिली उसकी जरूर वहां पर रही होगी, लेकिन वो लगातार वहां नहीं रहता था। इंटरव्यू में मुशर्रफ ने कहा, ‘भारत काफी लंबे समय से पाकिस्तान पर आरोप लगाता आ रहा है। ऐसे में हम क्यों अब भले बनकर भारत की मदद करें?’ इसके अलावा मुशर्रफ ने कहा, ‘मुझे साफ तौर नहीं पता कि दाऊद कहां है, लेकिन वह यहीं कहीं (कराची में) होगा।’ इस तरह मुशर्रफ ने इशारों ही इशारों में संकेत दे दिया कि दाऊद अभी पाकिस्तान में ही है। हालांकि पाकिस्तान हमेशा दाऊद के वहां होने को लेकर इनकार करता रहा है। 
पिछले 10 सालों से नई दिल्ली ने इस संबंध में इस्लामाबाद को कई दस्तावेज भेजे हैं। इन दस्तावेजों में मुंबई के विस्फोट मामले में इब्राहिम को आरोपी बताया गया है, लेकिन ये सभी जानते हैं कि पाकिस्तान की कथनी और करनी में कितना अंतर है। अमेरिका ने हाल ही में कहा था कि पाकिस्तान आतंकियों की पनाहगाह बना हुआ है। हालांकि यह बात सालों पहले ही साबित हो गई थी, जब ओसामा पाकिस्तान में मिला था। तब भी भारत पाकिस्तान पर तत्कालीन अल-कायदा चीफ ओसामा बिन लादेन को पनाह देने के आरोप भी लगाता रहा था। 2 मई 2011 को ओसामा पाकिस्तान के एबटाबाद में अमेरिका द्वारा मारा गया था। इस तरह ओसामा के पाकिस्तान में होने के भारतीय दावे सही साबित हुए थे।

Back to top button