पप्पू यादव का बड़ा बयान, कहा- मैं हूं लालू यादव का असली राजनीतिक वारिस

पटना:जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव अकसर अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियां बटोरते रहते हैं। एक बार फिर पप्पू यादव ने बड़ा बयान देते हुए खुद को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की राजनीति का असली वारिस बताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लालू आज जिस परिस्थिति में हैं इसका जिम्मेदार उनका परिवार है। पप्पू यादव ने कहा कि लालू के परिवार के लोगों ने ही उन्हें ‘धृतराष्ट्र’ बना दिया। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि कहीं उनका परिवार राजनीति के चलते लालू की हत्या ना करवा दे। सांसद ने कहा कि बिहार में गरीबों को न्याय दिलाने की शुरुआत लालू यादव और पप्पू यादव ने की थी। उन्होंने लालू के छोटे बेटे तेजस्वी पर तंज कसते हुए राज्य की स्थिति को सुधारने में ‘ट्विटर ब्वॉय’ का कोई योगदान नहीं रहा है।

राज्य में बढ़ रहे अपराध को लेकर मधेपुरा के सांसद पप्पू यादव का कहना है कि इन आपराधिक घटनाओं की वजह जमीन की दलाली है। इसके साथ ही उन्होंने सत्तापक्ष और विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों रेत माफियाओं के साथ मिले हुए हैं। इसके साथ ही पप्पू यादव के मुजफ्फरपुर की एसएसपी हरप्रीत कौर का तबादला करने पर सरकार पर निशाना साधा है। गौरतलब है कि इससे पहले 2015 में जब लालू प्रसाद यादव ने एक सभा में अपने बेटे को उतराधिकारी बनाने की बात कही थी तब भी पप्पू यादव ने खुद को लालू की राजनीति का वारिस बताया था। इस पर लालू ने कहा था कि भारतीय संस्कृति में पिता के बाद पुत्र ही उनकी विरासत को संभालता है।

Back to top button