पठानकोट अटैक: पाक ने पलटा पासा, अब दिल्ली में घमासान

पठानकोट एयरबेस पर आतंकवादी हमले की जांच के लिए आए पाकिस्तान के संयुक्त जांच दल के लौटने के बाद पाकिस्तान के रुख में आए बदलाव पर चर्चा के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को बैठक की। इस में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल तथा अन्य अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में मौजूद रहे।
भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित के ताजा बयान की पृष्ठभूमि में हुई इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में गृह सचिव राजीव महर्षि और खुफिया ब्यूरो के प्रमुख तथा कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
पाकिस्तान के बदले रुख पर बैठक में मुख्य रूप से चर्चा हुई। बासित के बयान के बाद इस तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि पाकिस्तान नहीं चाहता कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का दल पठानकोट हमले की जांच के सिलसिले में पाकिस्तान आए।
बासित ने कहा है कि दोनों देशों के बीच इस हमले की जांच में सहयोग जांच दलों के आदान प्रदान पर निर्भर नहीं है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान के जांच दल के भारत आने से पहले ही एनआईए के पाकिस्तान दौरे पर सहमति बन चुकी थी।
पाकिस्तान के जांच दल ने भी लौटने से पहले इसका स्वागत किया था। पाकिस्तान का जांच दल पिछले महीने के अंत में भारत आया था और उसके लौटने के बाद पाकिस्तान के मीडिया में इस दल की रिपोर्ट के हवाले से कहा गया था कि भारत ने खुद इस हमले का ड्रामा रचा था और वह पाकिस्तान को बदनाम करना चाहता है।






