पंजाब :तीन लोगों ने हाइजैक की कार, रेड अलर्ट जारी

पंजाब के गुरदासपुर में तीन लोग स्विफ्ट के ड्राइवर को बुरी तरह घायल करके कार लेकर फरार हो गए। घटना देर रात की है। खबर मिलते ही पंजाब पुलिस ने रेड अलर्ट जारी कर दिया। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात टाटा सूमो में सवार तीन युवकों ने एक स्विफ्ट कार को बहाने से रोका। जैसे ही युवक ने कार रोकी, तीनों युवक उस पर टूट पड़े। उन्होंने युवक को बुरी तरह से मारा पीटा और घायल अवस्था में वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। लोगों ने युवक को जख्मी हालत में सड़क पर पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जानकारी ली। युवक से पूरी कहानी सुनने के बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए दीनानगर इलाके में रेड अलर्ट जारी कर दिया। गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में भी गुरदासपुर के दीनानगर में आतंकी हमला हुआ था। इसमें पंजाब पुलिस के एसपी शहीद हो गए थे और 5 अन्य लोग मारे गए थे





