पंजाब के CM कैप्‍टन अमरिंदर सिंह का बड़ा बयान, कहा- तो दे दूंगा इस्‍तीफा

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यदि कांग्रेस पंजाब में सभी सीटें हार गई तो वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि यदि मंत्रियों व विधायकों की जिम्मेदारी पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए तय की गई है तो वह भी इससे अलग नहीं हैैं। कैप्टन वीरवार को खरड़ (मोहाली) में आनंदपुर साहिब से पार्टी प्रत्याशी मनीष तिवारी और पटियाला से प्रत्याशी अपनी पत्‍नी परनीत कौर की रैली को संबोधित कर रहे थे।

कहा- प्रधानमंत्री मोदी बांटने वाले राष्ट्रवाद का देते हैैं उपदेश

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांटने वाले राष्ट्रवाद की बात करते हैं। कांग्रेसियों को राष्ट्रवाद मोदी या किसी भी व्यक्ति से सीखने की जरूरत नहीं है। मोदी का राष्ट्रवाद बांटने वाला है, तो कांग्रेस का राष्ट्रवाद जोडऩे वाला है। मोदी का राष्ट्रवाद खतरनाक है। राष्ट्रवाद का अर्थ यह है कि लोग धर्मों को अन्य आधार पर बांटने वाली लकीरों को पार करके भारतीय होने पर गर्व महसूस करें।

कांग्रेसियों को राष्ट्रवाद मोदी या किसी से भी सीखने की जरूरत नहीं

कैप्टन ने कहा कि खासतौर पर पंजाबियों को असली राष्ट्रवादी होने पर गर्व है, जिन्होंने हमेशा से देश के लिए अपनी जिंदगियों को कुर्बान किया। उन्हें कई पंजाबियों के नाम पता हैं, जिन्हें स्वतंत्रता संघर्ष के दौरान काला पानी भेज दिया गया, जो कभी नहीं लौटे। जिन्हें पता था कि उन्हें इसके बदले कुछ नहीं मिलने वाला, लेकिन वे अपने देश को स्वतंत्र देखना चाहते थे।

मेमोरियल बनवाने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह उन सभी पंजाबियों की याद में एक मेमोरियल स्थापित करवाएंगे, जिन्हें जिंदगी भर के लिए काला पानी भेज दिया गया। मेमोरियल उनके बलिदान को एक श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले आवारा पशुओं को रोकने के लिए क्षेत्र में तारबंदी के लिए राज्य सरकार की ओर से योगदान दिया जाएगा। यह भी वायदा किया कि राज्य सरकार क्षेत्र में खेल स्टेडियम के निर्माण और बस स्टैंड को पूरा करवाएगी। क्षेत्र में एक नया अस्पताल स्थापित किया जाएगा।

Back to top button