निगम की साख को बट्टा लगा रही नयी सुरक्षा एजेंसी

लाखों खर्च पर बिना इंतजाम के तैनात किए सुरक्षा कर्मी 
बिना ड्रेस के ड्यूटी दे रहे कर्मी, लोगों से हो रही झड़प 

लखनऊ। नयी सुरक्षा एजेंसी नगर निगम की साख पर बट्टा लगा रही है। यहां सुरक्षा कर्मी बिना डे्रस और अन्य इंतजामों के तैनात किए गए हैं। यही नहीं निगम मुख्यालय के बाहर बेतरतीब वाहन खड़ा करने पर लोगों और सुरक्षा गार्डों के बीच नोकझोंक हो रही है। नतीजन बिना किसी ड्रेस के तैनात सुरक्षा कर्मियों को लोग उल्टा नियम-कानून से रहने की हिदायत दे रहे हैं।
नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात भूतपूर्व सैनिकों के हटने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पटरी से उतर गई है। भूतपूर्व सैनिकों के एवज में निजी कार्यदायी संस्था ने सुरक्षा कर्मी तैनात किए हैं। विभाग द्वारा कार्यदायी संस्था के माध्यम से लाखों के खर्च पर इन सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की बात करें तो विभाग द्वारा सुरक्षा ऐजेंसी से 15 सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए गए हैं। लेकिन तैनात किए गए सुरक्षा कर्मियों के पास कोई ड्रेस और कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं है। विभाग में तैनात सुरक्षा कर्मी जींस-शर्ट और हवाई चप्पल में नजर आ रहे हैं। सुरक्षा कर्मियों के पास सिक्योरिटी का कोई भी साधन मौजूद नहीं हैं। निगम मुख्यालय के सामने गाडिय़ां खड़े किए जाने को लेकर वाहन मालिकों और नए सुरक्षा कर्मियों के बीच बहस होती रहती है।

Back to top button