पीएम मोदी से मिले सीएम अखिलेश, कहा-‘पीएम को आम आदमी की चिंता’

नोटबंदी से जनता को हो रही परेशानी को लेकर यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान अखिलेश ने पीएम मोदी को लोगों की परेशानियों के बारे में बताया और लोगों की सुविधा के लिए कदम उठाए जाने की मांग की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को आम आदमी की चिंता है.
मीटिंग की पहले से नहीं थी कोई प्लानिंग
खबरों के मुताबिक पीएम के साथ अखिलेश यादव के मीटिंग की पहले से कोई प्लानिंग नहीं थी. संसद के सेंट्रल हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अखिलेश यादव से मिले और वहां से वह अखिलेश को अपने साथ ले गए औऱ उन्हें चाय पिलाई.
पीएम मोदी को आम आदमी की चिंता
अखिलेश यादव ने बताया कि इस दौरान उन्होंने पीएए मोदी को 500 और 1000 रुपए को नोट बंद होने से लोगों को हो रही परेशानी के बारे में बताया और लोगों की इन दिक्कतों को दूर करने के लिए कुछ ठोस कदम उठाए जाने की बात कही. अखिलेश ने कहा कि पीएम मोदी को आम आदमी की चिंता है.
नोटबंदी का तरीका ठीक नहीं
तो वहीं बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने 500 और 1000 रुपए को नोट बंद किए जाने के पीएम के फैसले पर एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधाा. मायावती ने राज्यसभा में कहा कि नोटबंदी का तरीका ठीक नहीं है
इससे पहले बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनौती दी कि वे नोटबंदी के मुद्दे पर लोगों के विचार जानने के लिए नया चुनाव करायें.
संसद को भंग करके फिर से कराएं चुनाव
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कहा, ‘‘ मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बताना चाहती हूं कि अगर आप वास्तव में ईमानदार व्यक्ति हैं और सही सर्वेक्षण चाहते हैं और आपमें साहस है तब आप संसद को भंग करके फिर से चुनाव करायें. ’’
बीएसपी सुप्रीमो की यह टिप्पणी ऐसे समय में सामने आई है जब एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी एप्प पर कराये गए सर्वेक्षण में भाग लेने वाले 5 लाख लोगों में 93 प्रतिशत ने नोटबंदी का समर्थन किया है.
हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही बाधित
नोटबंदी के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही बाधित रही है. हालांकि आज राज्यसभा में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में इस विषय पर चर्चा फिर शुरू हो सकी.
इससे पहले संसद की कार्यवाही बाधित होने के लिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि पूरा विपक्ष संसद में प्रधानमंत्री के आने की मांग कर रहा है. उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी नहीं चाहती है कि संसद में कामकाज चले.





