सावधान! 500-2000 नए नोटों के 10 में से छह सिक्योरिटी फीचर हुए कॉपी, बनने लगे फर्जी नोट

केंद्र सरकार द्वारा की गई नोटबंदी के बाद जो 500-2000 के दो नए नोट चलाए गए थे उनके भी फर्जी नोट बनकर तैयार हो गए हैं। इतना ही नहीं फर्जी नोट बनाने वालों ने असली नोटों के 10 सिक्योरिटी फीचर्स में से छह को कॉपी भी कर लिया है।

डेक्कन क्रोनिकल की खबर के मुताबिक, पिछले दिनों मुंबई और नवी मुंबई के इलाके में छापेमारी हुई थी, जिसमें कई सारे नकली नोट पकड़े गए थे। पकड़े गए उन नोटों को डारेक्टोरेट ऑफ रेवन्यू इंटेलिजेंस ने जब्त करके नासिक टकसाल में जांच के लिए भेजा था। वहां से आई रिपोर्ट में बताया गया है कि असली नोटों के कई फीचर्स उन नकली नोटों में कॉपी कर लिए गए हैं।

‘कठिन’ फीचर नहीं हुए कॉपी

जांच करने वालों ने कहा है कि छह फीचर कॉपी होना ज्यादा चिंता का विषय नहीं है, क्योंकि जो फीचर कॉपी हुए हैं उनकी नकल करना आसान था। अधिकारी ने बताया कि जिन फीचर को कॉपी नहीं किया जा सका उनकी नकल करना काफी कठिन है। 

अधिकारी ने यह भी बताया कि जो फीचर कॉपी करना मुश्किल है उसमें नोट के कलर कोड और पेपर की क्वॉलिटी भी शामिल हैं। बताया गया है कि फर्जी नोटों में जिस कलर और पेपर का इस्तेमाल किया गया है वह असली नोट से काफी अलग हैं।

 
Back to top button