धुंध का फायदा उठाकर घुसपैठ नहीं कर पाएंगे आतंकी, सेना को मिले आधुनिक हथियार

गुरदासपुर. अति संवेदनशील भारत-पाक बाॅर्डर पर सर्दियों में घने कोहरे और धुंध में होने वाली आतंकी घुसपैठ को नाकाम करने के लिए बीएसएफ ने पूरी तैयारी कर ली है। भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ रोकने के लिए बीएसएफ को आधुनिक उपकरणों से लेस किया गया है। पेट्रोलिंग करने वाले जवान इन आधुनिक उपकरणों से कोहरे धुंध में 3-4 किमी दूर तक आसानी से देख सकेंगे। साथ ही इन उपकरणों की कनेक्टिवटी वहां स्थापित कंट्रोल रूम से भी होगी, जिससे वहां बैठे कर्मचारी अधिकारी भी सीमा पर होने वाली हर गतिविधि पर नजर रख सकेंगे। कोहरे धुंध के कारण हर साल सर्दियों में पाक की ओर से आतंकवादी घुसपैठ का प्रयास करते हैं।
घने कोहरे धुंध का फायदा उठाकर घुसपैठिए पेट्रोलिंग करने वाले जवानों को चकमा देने में सफल हो जाते हैं। इसे देखते हुए इस बार बीएसएफ ने कोहरे धुंध से निपटने के लिए आधुनिक उपकरणों का सहारा लिया है। इन उपकरण का कनेक्शन वहां स्थापित कंट्रोल रूम से होगा। इससे कंट्रोल रूम में बैठे कर्मी भी बॉर्डर और पेट्रोलिंग की हर गतिविधि पर नजर रख सकेगा। इन उपकरणों में रिकार्डिंग सिस्टम भी है। इसकी रिकार्डिंग पर नजर रखने के लिए अलग से अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है।
ये भी पढ़ें: मिस वर्ल्ड मानुषी ने दिल्ली में किया रोड शो, खिताब जीतने के बाद पहली बार पहुंची घर
उपकरण का नाम नहीं बता सकते: डीआईजी
गुरदासपुर रेंज के डीआईजी राजेश शर्मा का कहना है कि इन उपकरणों से कोहरे धुंध में भी घुसपैठियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। मैंने खुद भी बाॅर्डर पर इन उपकरण का प्रैक्टिकल किया है और यह काफी बेहतर हैं। देश की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए इन संसाधनों के बारे में कुछ भी बताना ठीक नहीं है। इसकी जानकारी मिलने पर आतंकी सतर्क हो जाएंगे और कोई दूसरा रास्ता या फिर जगह तलाशने में जुट जाएंगे।





