दो महिलाओं के फिर बाल कटे, देर रात तक महिला को नहीं आया था होश

-
जालंधर.राजस्थान, हरियाणा से शुरू हुए महिलाओं की चोटी कटने के मामले सिटी तक पहुंच गए हैं। मंगलवार दोपहर न्यू टैगाेर नगर और शाम को भार्गव कैंप इलाके में दो महिलाओं के शकी हालात में बाल कट गए। दोनों मामलों में चोटी काटने वाले को किसी ने नहीं देखा।
न्यू टैगोर नगर में 42 साल की महिला राज रानी पत्नी विजय कुमार की दोपहर 1.30 बजे के करीब चोटी कट गई। राज रानी घर में दोपहर 12 बजे सो गई थीं। कमरे में आए बेटे ने नींद से जगाया तो बाल कटे हुए दिखे। इसी तरह भार्गव कैंप में अपने मायके घर आई रीटा रानी (35) की चोटी कट गई। शाम 7 बजे रीटा अपने परिवार के साथ घर के बाहर बैठी थी। उनके पिता बूटा राम के मुताबिक अचानक रीटा ने महसूस किया कि कोई पीछे से बाल पकड़ खींच रहा है। उन्होंने बाजू पकड़ रीटा को संभाला। तभी जमीन पर उसके बाल गिरे देख हैरान रह गए। उस समय वहां कोई दूसरा नहीं था। घटना के बाद बेसुध हो गई रीटा को दो घंटे बाद होश आया। इसके बाद भी वह बार-बार बेहोश होने लगीं। रीटा भाई को राखी बांधने के लिए पठानकोट से अपनी तीन बेटियों के साथ आई हुई हैं।ये भी पढ़े: बड़ी खबर: सेना ने मार गिराए अलकायदा के तीन आतंकी, मुठभेड़ जारी
इससे पहले दोपहर को राज रानी ने भास्कर को बताया कि उनके पति विजय बैट बनाने की फैक्ट्री में काम करते हैं। दोपहर 1.30 बजे के करीब बेटे साहिल ने आकर जगाया तो सिर भारी था। बेटे की आवाज सुन रही थी पर कुछ दिख नहीं रहा था। ऐसा लगा जैसे कोई छाया आगे से गुजरी है। तभी बेटे ने बताया कि आपके बाल कटे हुए हैं। इसके बाद वह बेसुध हो गई। घर में राजरानी की सास सत्या देवी, तीन देवरों के परिवार क्रमश: बोधराज और पत्नी चंचल देवी एवं बेटा बेटी, अश्विनी कुमार और पत्नी सुमन देवी एवं बेटा-बेटी, सुधीर और पत्नी मीनाक्षी व इकलौता बेटा भी रहते हैं। राज रानी से अपने दो बेटे हैं। बड़ा बेटा गगन दुबई में है। इस तरह मकान में कुल 16 लोग रहते हैं।
हेयर ड्रेसर नावेद बाेले, कटर या बड़ी कैंची से कटे बालराज रानी के मामले में हेयर ड्रेसर नावेद ने कहा, घने बाल एक धार में कटे हैं। इन्हें साधारण कैंची से नहीं काटा जा सकता। बाल काटने के लिए जरूर किसी कटर या भारी कैंची का इस्तेमाल हुआ है। शहर में बाल कटने की खबर फैलने पर लोगों ने घबराकर नीम के पत्ते अपने गेट पर बांधने शुरू कर दिए। उनका मानना है कि इन पत्तों से बुरी ताकत घर में प्रवेश नहीं करती। न्यू टैगोर नगर की महिलाएं दहशत में हैं। उन्होंने तुरंत अपने सिर चुनरी से ढंकने शुरू कर दिए। मौके पर भाजपा नेता राजीव ढींगरा और इलाके की पार्षद कमलेश ग्रोवर के बेटे अनमोल ग्रोवर भी पहुंचे।तर्कशील सोनी ने कहा-
वहम न करें, घटनाओं की गहन पड़ताल हो तर्कशील सोसायटी के एक्टिविस्ट राजू सोनी ने कहा कि लोग वहम न करें। विज्ञान की नजर में ऐसी कोई ताकत नहीं जाे आकर बाल काट दे। जितनी भी चोटी कटने की घटनाएं हुई हैं, इनकी पड़ताल होनी चाहिए। इसके दो कारण हो सकते हैं। पहला- मनोरोग हिस्टीरिया की वजह से। ये तनाव व दिमागी उलझनों की वजह से होता है। इसमें रोगी अपने बाल खुद काट लेता है। दूसरा- किसी दूसरे शख्स की शरारत या फिर डराने के लिए दूसरों के बाल काटना। अभी तक जो भी घटनाएं हुई हैं, वो घनी आबादी वाले एरिया में हैं। जब एक घटना होती है तो दूसरी जगह भी बाल काटे जाते हैं। ये दूसरों को परेशान करने का ही सिलसिला है।





